SIR in Jodhpur: सरदारपुरा में सबसे बड़ा असर, 3 सीटों से कटे 1.51 लाख नाम, दलों ने शुरू किया बूथ-स्तरीय सत्यापन, 2.57 लाख से अधिक फॉर्म जमा नहीं होने से सियासी सरगर्मी तेज
जोधपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जोधपुर जिले में मतदाता सूची से कटे नामों के आंकड़े सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जिले की कई विधानसभा सीटों पर मतदाता सूची से हटाए गए नामों की संख्या, पिछले दो विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारों की हार-जीत के अंतर से कहीं अधिक है।
तुलना करें तो जीत-हार के अंतर से पांच गुना तक नाम कटे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरदारपुरा विधानसभा सीट पर देखने को मिला है। इसके बाद सूरसागर और फिर जोधपुर शहर विधानसभा सीट का स्थान आता है।
जिलेभर में कुल 2 लाख 57 हजार 831 मतदाताओं के फॉर्म जमा नहीं हो पाए। इनमें 44 हजार 66 मतदाता मृत पाए गए, जबकि 1 लाख 44 हजार 548 मतदाता स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके अलावा 38 हजार 103 मतदाता पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले।
एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 30 हजार 64 रही, जबकि 1 हजार 50 मतदाता अन्य श्रेणी में आए। इनमें से अकेले जोधपुर की तीन विधानसभा सीटों- सरदारपुरा, सूरसागर और जोधपुर शहर से ही 1 लाख 51 हजार 897 नाम कट गए।
| विधानसभा क्षेत्र | भाजपा को मिले वोट | कांग्रेस को मिले वोट | जीत-हार का अंतर | नाम कटे |
| ओसियां | 103746 | 100939 | 2807 | 13271 |
| सरदारपुरा | 70463 | 96859 | 26396 | 56809 |
| जोधपुर शहर | 71192 | 57667 | 13525 | 42653 |
| सूरसागर | 117065 | 78306 | 38759 | 52438 |
| लूणी | 123498 | 98820 | 24678 | 42134 |
| बिलाड़ा | 90766 | 80342 | 10424 | 17902 |
यह वीडियो भी देखें
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक दल भी सतर्क हो गए हैं। कांग्रेस शहर अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता मतदाता सूची की गहनता से जांच कर रहे हैं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूट न जाए। वहीं भाजपा शहर अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने कहा कि पार्टी की ओर से ड्राफ्ट सूची का बूथ स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है।