जोधपुर

जोधपुर में भैरोंसिंह शेखावत की प्रतिमा का अनावरण, राजनाथ सिंह बोले- उन्होंने सत्ता नहीं, देश निर्माण की राजनीति की

Rajnath Singh Jodhpur Visit: जोधपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की प्रतिमा का अनावरण करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें समाज और देश निर्माण की राजनीति करने वाला नेता बताया।
2 min read
May 14, 2026
Rajnath Singh Jodhpur Visit
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब-जब विपरीत परिस्थितियां आती है, भारत निखर कर सामने आता है। गुरुवार को शहर के रातानाडा चौराहे पर स्थापित की गई पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राजनाथसिंह ने कहा कि आज भारत जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है, तब भारत को सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है, इसका कारण भारत का कुशल नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में चारों ओर अस्थिरता व युद्ध का माहौल है।

भारतीय नेतृत्व की दूरदर्शिता

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने 38 देशों के साथ ट्रेड एग्रीमेंट किया है, जो भारतीय नेतृत्व की दूरदर्शिता बताता है। उन्होंने कहा कि देश के वर्तमान हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशहित में विदेश यात्राएं करने, सोने में निवेश कम करने, गाड़ियों का काफिला कम करने आदि का आह्वान किया है। उनकी प्रेरणा से हमने भी गाड़ियों का काफिला कम किया है। इससे पूर्व उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की प्रतिमा का अनावरण किया।

उन्होंने कहा कि शेखावत केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते थे, बल्कि देश व समाज के लिए राजनीति करते थे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, अभिमन्युसिंह राजवी मौजूद थे।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने समारोह के दौरान कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान प्रगति के सभी मापदंडों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दो साल के कार्यकाल में जिस तरीके से गांवों तक जाकर वे राजस्थान को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, उसे देखते हुए मैं अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि भविष्य में एक बहुत ही सफल और कामयाब मुख्यमंत्री के रूप में भजनलाल का नाम लिया जाएगा।

प्रतिमा पंचधातु से तैयार

बता दें कि पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत की 12 फीट ऊंची प्रतिमा पंचधातु से तैयार की गई है। यह प्रतिमा करीब 1100 किलो वजनी है और इसे विशेष तकनीक से बनाया गया है। प्रतिमा निर्माण पर लगभग 20 लाख रुपए खर्च हुए हैं। मूर्तिकार नरेश कुमावत ने प्रतिमा को आकर्षक और लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए पारंपरिक पंचधातु तकनीक का उपयोग किया है।

सूक्ष्मता के साथ किया गया कार्य

प्रतिमा को स्थापित करने के लिए सैंड स्टोन से निर्मित करीब 9 फीट ऊंचा प्लेटफॉर्म भी तैयार किया गया है, जिस पर लगभग 10 लाख रुपए खर्च हुए हैं। प्रतिमा में भैरोंसिंह शेखावत के व्यक्तित्व, सरलता और प्रभावशाली उपस्थिति को जीवंत रूप में दर्शाने का प्रयास किया गया है। प्रतिमा की मुखमुद्रा, वेशभूषा और भाव-भंगिमा पर विशेष कलात्मक सूक्ष्मता के साथ कार्य किया गया है। इस प्रतिमा को तैयार करने में 85 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत टिन, 5 प्रतिशत सीसा और 5 प्रतिशत जिंक का उपयोग किया गया है।

Updated on:
14 May 2026 09:59 pm
Published on:
14 May 2026 06:08 pm