29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jodhpur: कुत्ता घुमाने पर कमेंट से शुरू हुआ विवाद, घर में घुसकर युवक की हत्या; मामा-भांजे सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के जोधपुर शहर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सर्किट हाउस के पास गली में कुत्ता घुमाने की मामूली सी बात को लेकर हुए विवाद में मामा-भांजे सहित 3 लोगों ने एक युवक के घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।
2 min read
Google source verification
Jodhpur Youth Murder

मृतक जसवंत। पत्रिका फाइल फोटो

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सर्किट हाउस के पास गली में कुत्ता घुमाने की मामूली सी बात को लेकर हुए विवाद में मामा-भांजे सहित 3 लोगों ने एक युवक के घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि आमला (फलोदी) निवासी प्रेम सिंह पुत्र भोम सिंह ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार वह और उसका छोटा भाई जसवंत सिंह (23) जोधपुर शहर में सर्किट हाउस के पास नेशनल हैंडलूम में सेल्समैन का काम करते थे। दोनों भाई लालसिंह हैंडीक्राफ्ट के पीछे भगवान सिंह के मकान में किराए पर रहते थे। प्रेम सिंह के अनुसार वह पिछले चार दिन से गांव गया हुआ था, जबकि उसका छोटा भाई जसवंत जोधपुर में ही था।

26 सितंबर की रात करीब 12.20 बजे पुलिस थाने से उसे सूचना मिली कि जसवंत को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर वह अपने पिता भोमसिंह और अन्य रिश्तेदारों के साथ अस्पताल पहुंचा। वहां जसवंत वेंटिलेटर पर भर्ती था। चिकित्सकों ने बताया कि उसके सिर में अंदरूनी और गहरी चोटें आई हैं।

घर में घुसकर की थी मारपीट

परिजन ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाई तो सामने आया कि मोहित, उसका मामा दामिनीकांत राजवंशी और लक्की घर में घुसे और जसवंत के साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान जसवंत की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मोहित निवासी राइकाबाग, दामिनीकांत राजवंशी निवासी उदयपुर और लक्की निवासी उदयपुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

दो आरोपी रिमांड पर, एक को जेल भेजा

पुलिस के अनुसार, गली में कुत्ता घुमाने की बात को लेकर कमेंट करने से विवाद हुआ था। इसमें आरोपियों ने हमला किया। पुलिस ने मोहित और दामिनीकांत को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं लक्की को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। पुलिस के अनुसार लक्की पेशे से वकील है। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।