Jodhpur Police Commissioner: जोधपुर में नए पुलिस कमिश्नर के रूप में शरत कविराज ने पदभार संभालते ही कानून व्यवस्था और ड्रग्स तस्करी पर सख्ती के संकेत दिए हैं।
जोधपुर। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी शरत कविराज ने जोधपुर पुलिस कमिश्नर का पद संभाल लिया है। वे पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के 13वें कमिश्नर बने हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार की प्राथमिकताएं ही उनकी प्राथमिकता रहेंगी। उन्होंने शहर में बढ़ती ड्रग्स तस्करी पर गहरी चिंता जताते हुए इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पद संभालने के बाद उन्हें पुलिस लाइन और पुलिस कमिश्नर कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और शहर की कानून व्यवस्था तथा आपराधिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण उनकी कार्ययोजना का प्रमुख हिस्सा रहेगा।
इसी बीच जोधपुर पुलिस ने एक बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गुरुवार दोपहर डांगियावास क्षेत्र के पास एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर वाहन को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भगा दिया। इस पर पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया।
पीछा करते हुए पुलिस राईकाबाग बैंक कॉलोनी पहुंची, जहां आरोपी ने वाहन खड़ा कर सर्किट हाउस के पीछे की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर लिया। पुलिस भी तुरंत वहां पहुंची। आरोपी ने सर्किट हाउस के मैनेजर के क्वार्टर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध रिवाल्वर बरामद हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।