जोधपुर

जोधपुर में गणगौर सवारी पर पथराव, महिलाओं पर बरसाए पत्थर और की बदसलूकी

Jodhpur Gangaur News: जोधपुर के मकराना मोहल्ले में गणगौर सवारी के दौरान विवाद के बाद पथराव से हड़कंप मच गया। महिलाओं पर पत्थर फेंके गए और कई वाहनों में तोड़फोड़ हुई। सूचना पर भारी पुलिस बल तैनात कर हालात काबू में किए गए, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

2 min read
Mar 28, 2026
Stone Pelting During Gangaur Procession in Jodhpur Women Targeted and Harassed Festive Mood Turns Into Panic
गणगौर सवारी पर पथराव से तनाव (फोटो- पत्रिका)

Jodhpur Stone Pelting Gangaur: जोधपुर: राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी कहा जाने वाला जोधपुर शुक्रवार देर शाम अचानक सांप्रदायिक तनाव की चपेट में आ गया। भीतरी शहर के मकराना मोहल्ले में ऐतिहासिक गणगौर सवारी और फागड़ घुड़ला मेले के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बता दें कि उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में महिलाओं को निशाना बनाया गया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

विवाद की जड़: बाइक सवारों की दबंगई

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय शुरू हुई जब गणगौर की भव्य सवारी अपने पारंपरिक मार्ग से गुजर रही थी। जुलूस में तीन ट्रैक्टर शामिल थे। इसी दौरान एक विशेष समुदाय के तीन युवक, जो कथित तौर पर नशे में थे।

युवक अपनी बाइक लेकर जबरन जुलूस के बीच घुसने की कोशिश करने लगे। जब वहां मौजूद ट्रैक्टर चालकों और स्थानीय युवकों ने उन्हें सुरक्षा कारणों से रोका, तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और जानबूझकर अपनी बाइक से ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

महिलाओं पर पथराव और 'जय श्रीराम' के नारे

बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि उपद्रवियों ने जुलूस में शामिल महिलाओं के साथ बदसलूकी की, जिसके तुरंत बाद आसपास के घरों से पथराव शुरू हो गया। पत्थरबाजी होते ही मेले में भगदड़ मच गई। आक्रोशित भीड़ ने विरोध दर्ज कराते हुए 'जय श्रीराम' के नारे लगाए।

इस दौरान उपद्रवियों ने सड़क पर खड़े वाहनों को निशाना बनाया, जिसमें एक ऑटो का शीशा चकनाचूर हो गया और कई अन्य गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस तनाव के बीच से विदेशी पर्यटकों का एक समूह भी गुजर रहा था, जो इस मंजर को देख सहम गया।

अवैध निर्माण से हमले की साजिश का आरोप

स्थानीय पार्षद और मोहल्ले के निवासियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि एक अवैध 'इंडिगो' बिल्डिंग की छतों से सुनियोजित तरीके से पत्थर बरसाए गए।

लोगों ने मांग की है कि इलाके में चल रहे अवैध टैक्सी स्टैंड और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत लगाम लगाई जाए। तनाव की सूचना मिलते ही भारी संख्या में हिंदू समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया।

हालात अब पूरी तरह काबू में हैं। गणगौर यात्रा पर पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़ितों की शिकायत पर FIR दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-मनीष चौधरी, डीसीपी ईस्ट

फिलहाल, भीतरी शहर में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरएसी की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाने की अपील की है।

Updated on:
28 Mar 2026 10:40 am
Published on:
28 Mar 2026 10:34 am