जोधपुर

शादी समारोह में अचानक लगी आग, लपटों से घिरा स्टेज, मची अफरा-तफरी

https://www.patrika.com/rajasthan-news/  
less than 1 minute read
Nov 24, 2018
aag
शादी समारोह में अचानक लगी आग, लपटों से घिरा स्टेज, मची अफरा-तफरी

जोधपुर.

कार्तिक पूर्णिमा के दिन बोरानाडा में शुक्रवार रात आयोजित शादी समारोह में आतिशबाजी के कारण आग लग गई। पटाखे गिरने से शामियाना व स्टेज पूरी तरह राख हो गए। समारोह में आए लोगों के साथ मोहल्लेवासियों ने आग नियंत्रित की। बाद में बोरानाडा रीको की एक दमकल ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।

अग्निशमन सूत्रों के अनुसार बोरानाडा में यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया के पास निवासी चंपालाल गहलोत की पुत्री की शादी थी। इस दौरान मकान के बाहर ही शामियाने व स्टेज लगाकर शादी समारोह चल रहा था। रात करीब नौ बजे पटाखा आकर गिरा और उसकी चिंगारी से शादी के लिए लगाए शामियाने में आग लग गई। कुछ ही देर में स्टेज के आस-पास लगा कपड़ा भी आग की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में स्टेज सहित आयोजन स्थल आग की लपटों से घिर गया। परिजन दूल्हा-दुल्हन को स्टेज से उतार सुरक्षित स्थान पर ले गए। आग से समारोह में अफरा-तफरी सी मच गई।

इस बीच मोहल्लेवासी भी मौके पर आ गए और पानी डालना शुरू किया, लेकिन लपटें तेज होने लगी। लोगों ने दमकल व पुलिस को सूचना दी। बोरानाडा रीको की एक दमकल के साथ अग्निशमन कर्मचारी मौके पर आए और पानी डालकर कुछ ही देर में आग पर काबू पाया। लोगों का आरोप है कि दमकल देरी से मौके पर पहुंची।

यहां भी लगी आग..
बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र स्थित सेठिया हैण्डीक्राफ्ट में भी रात को आग लग गई। फैक्ट्री में पड़े बुरादे में चिंगारी गिरने से लपटें निकलने लगी। फैक्ट्री कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में बोरानाडा रीको की दो दमकलें मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Published on:
24 Nov 2018 12:37 am