जोधपुर

Rajasthan: जयपुर की दो बहनें साइकिल से जाएंगी अमेरिका, परमाणु निरस्त्रीकरण का देंगी संदेश

Savi Shekhawat: राजधानी जयपुर की 10वीं कक्षा की छात्रा सावी शेखावत अपनी 8 वर्षीय बहन के साथ विश्व शांति और परमाणु निरस्त्रीकरण का संदेश लेकर 18 हजार किमी की साइकिल यात्रा पर अमेरिका जाएंगी। 10-11 महीने की इस यात्रा में वे परमाणु हथियार संपन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों को ज्ञापन सौंपकर हथियार खत्म करने की अपील करेंगी।
2 min read
Jul 02, 2026
Savi Shekhawat Bicycle Journey America
सावी शेखावत जोधपुर सर्किट हाउस में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह को साइकिल यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए (पत्रिका फोटो) 

Savi Shekhawat Bicycle Journey America: जोधपुर: जयपुर की 10वीं कक्षा की छात्रा सावी शेखावत अपनी आठ वर्षीय छोटी बहन के साथ विश्व शांति और परमाणु निरस्त्रीकरण का संदेश लेकर 18 हजार किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा पर निकलने जा रही हैं। यह ऐतिहासिक यात्रा जयपुर के ऐतिहासिक हवामहल से शुरू होकर करीब 10 से 11 महीने में अमरीका पहुंचकर पूरी होगी।

गुरुवार को जोधपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सावी ने अपनी इस साहसिक योजना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य परमाणु हथियार संपन्न देशों को अपने शस्त्रागार को क्रमबद्ध तरीके से समाप्त करने और विश्व को परमाणु खतरे से मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना है। यात्रा के दौरान दोनों बहनें उन सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों को ज्ञापन सौंपेंगी, जिनके पास परमाणु हथियार हैं।

यात्रा का प्रस्तावित मार्ग

बता दें कि यह यात्रा चीन, रूस, बेलारूस, पोलैंड, जर्मनी, बेल्जियम और अमेरिका से होकर गुजरेगा। दोनों बहनें प्रतिदिन करीब 90 से 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। सावी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता उन्हें परिवार से विरासत में मिली है। उनका परिवार हाथी के गोबर से पर्यावरण अनुकूल कागज बनाने का काम करता है। बचपन से ही घर में पर्यावरण संरक्षण का माहौल रहा, जिसने उन्हें प्रकृति और वैश्विक चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाया।

कैसे आया विचार?

सावी के अनुसार, उन्होंने आठवीं कक्षा में पहली बार परमाणु बमों के विनाश के बारे में पढ़ा था। इसके बाद उन्होंने इस विषय पर गहन शोध किया और जाना कि परमाणु हथियार मानव सभ्यता के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। इस अभियान को सफल बनाने में सावी की छोटी बहन, माता-पिता और पूरा परिवार उनके साथ रहेगा।

सावी शेखावत ने जोधपुर सर्किट हाउस में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह को साइकिल यात्रा के बारे में जानकारी दी। सावी ने यात्रा के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ई-मेल भेजकर मुलाकात का समय मांगा है, ताकि उन्हें भी ज्ञापन सौंपा जा सके। सावी का मानना है कि यह यात्रा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य के लिए एक जरूरी पहल है।

Updated on:
02 Jul 2026 07:21 pm
Published on:
02 Jul 2026 07:30 pm