
जोधपुर.
कांग्रेस से टिकट मिलने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत लोकसभा चुनाव के रण में उतर गए हैं। पहले रेलवे स्टेशन पर कांग्रेसजन का शक्ति प्रदर्शन और इसके बाद अब तक सीएम गहलोत की चुनावी रणनीति में काम करने वाली कोर टीम के केन्द्र में भी वैभव गहलोत ही नजर आए। यही कोर टीम वैभव की सोशल इंजीनियरिंग भी बैठाने में लगी है। इधर, भाजपा की कोर कमेटी में आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई। भाजपा के प्रत्याशी गजेन्द्रसिंह शेखावत सोमवार को इस बैठक में शामिल हुए। अब मंगलवार से दोनों प्रत्याशी आमने-सामने मैदान में पसीना बहाते नजर आएंगे।
भाजपा से कुछ दिन बाद ही सही कांग्रेस ने भी अपना प्रचार रथ शुरू कर दिया है। टिकट मिलने के बाद वैभव गहलोत पहली बार जोधपुर पहुंचे तो उनके आस-पास वही कोर टीम नजर आई जो अशोक गहलोत की चुनावी रणनीति संभालती आई है। पुराने चेहरों के बीच इस बार वोट अपील करते हुए जो चेहरा था उसमें एक पीढ़ी का अंतर आ चुका था। जोधपुर में दिनभर के कार्यक्रम में वैभव जिन भी लोगों से मिले उन्हें एक ही बात की अपील की कि ‘अब आपके भरोसे है सबकुछ।’
बंद कमरे में लिया फीडबैक
होटल में बंद कमरे में वैभव ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रवार लोगों से फीडबैक लिया। उन्होंने लोगों से वर्तमान माहौल और आगे की रणनीति पर चर्चा की।
धर्म-समाज को साधने की रणनीति
वैभव ने जहां रातानाडा गणेश मंदिर व मेहरानगढ़़ स्थित चामुंडा माता मंदिर में दर्शन किए तो वहीं मजार पर भी पुष्प चढ़ाए। सभी धर्मों को लेकर कई जातियों के समीकरण साधने का यह उनका पहला कदम था। इसकी रूपरेखा भी गहलोत की उसी पुरानी कोर टीम ने बनाई थी।
----------
स्टेशन पर वैभव के स्वागत में उमड़े कांग्रेसजन --फोटो--
वैभव गहलोत टिकट मिलने के बाद सोमवार को पहली बार जोधपुर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन ने रेलवे स्टेशन पर उनका स्वागत किया। वैभव को स्टेशन से बाहर निकलने में करीब एक घंटे का समय लगा। उनके साथ प्रभारी मंत्री लालचन्द कटारिया, विधायक सालेह मोहम्मद, उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष सईद अंसारी, विधायक मनीषा पंवार, किशनाराम, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्रसिंह सोलंकी, पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच, सुनील परिहार, रमेश बोराणा, वैभव की पत्नी हिमांशी गहलोत, पुत्री काश्विनी गहलोत, पुखराज पाराशर, सुरेश व्यास, पवन मेहता, प्रवक्ता डॉ. अजय त्रिवेदी सहित कई कांग्रेसजन मौजूद थे।
यहां भी गए वैभव
वैभव ने शहर जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंच महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने रातानाडा गणेश मंदिर दर्शन, बरकत साहब की मजार, राजीव गांधी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की। नागौरी गेट स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मारक पर राष्ट्रीय दलित महासंघ के अध्यक्ष विक्रम जटिया के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद मेहरानगढ़ जाकर मां चामुंडा के दर्शन किए। जयनारायण व्यास के समाधि स्थल व मेडिकल कॉलेज के पास महात्मा गांधी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश जोशी के नेतृत्व में 51 किलो की माला पहनाई गई। वैभव का चांदपोल शिवबाड़ी के बाहर श्रीमाली ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष महेन्द्र बोहरा, नरेन्द्रराज बोहरा, मक्खन त्रिवेदी, आदित्य दवे सहित समाज के लोगों ने वैभव को साफा पहनाया। वैभव का जयनारायण व्यास समाधि स्थल पर जयसिंह कच्छवाह, करणसिंह सांखला व कौशल्या सरगरा सहित अन्य ने स्वागत किया। उन्होंने ज्योति बा फ ूले की प्रतिमा, वीर तेजामंदिर में दर्शन, परमवीर मेजर शैतान सिंह जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
----
शेखावत जयपुर बैठक में हुए शामिल
इसी प्रकार भाजपा के प्रत्याशी गजेन्द्रसिंह शेखावत सोमवार को जयपुर में हुई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए। यहां चुनावों की आगामी रणनीति पर चर्चा की। स्टार प्रचारक कब, कहां सभा लेंगे और इसके साथ ही किन मुद्दों और तेवर को लेकर आगामी दिनों में भाजपा जनता के बीच जाएगी इन पर भी चर्चा की गई। शेखावत मंगलवार से फिर फील्ड प्रचार में जुटेंगे।