कबीरधाम

Kabirdham News: दिवाली पर जुआरियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 दिन में 162 आरोपी पकड़े

दीपावली के दौरान कबीरधाम पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 7 दिनों में 40 मामले दर्ज कर 162 आरोपियों पर कार्रवाई की गई और 81,955 रुपए जब्त किए गए।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 11:20 AM IST
Kabirdham News
Kabirdham News: दिवाली पर जुआरियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन(photo-AI)

Kabirdham News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में दीपावली पर्व के दौरान जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैधानिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने 7 दिनों के भीतर जिले के 12 थाना और चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए जुआ के कुल 40 प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में 162 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि उनके कब्जे से 81 हजार 955 रुपए की जुआ राशि जब्त की गई।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जुआ खेलने तथा खिलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत 3 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक यह अभियान चलाया गया।

Diwali Gambling Action: सात दिनों में 40 जुआ प्रकरण दर्ज

कबीरधाम पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कुल 40 मामले दर्ज किए। इन प्रकरणों में 162 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 81,955 रुपए जब्त किए। जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया।

कुंडा थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा राशि जब्त

थाना और चौकीवार आंकड़ों के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा 21,415 रुपए जब्त किए गए। वहीं, पांडातराई थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 27 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कवर्धा और सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्रों में भी 6-6 जुआ प्रकरण दर्ज किए गए।

थाना और चौकीवार कार्रवाई का विवरण

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, कवर्धा थाना क्षेत्र में 6 प्रकरणों में 26 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए 16,480 रुपए जब्त किए गए। सहसपुर लोहारा में 6 मामलों में 21 आरोपियों पर कार्रवाई कर 8,890 रुपए, जबकि पांडातराई में 5 प्रकरणों में 27 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9,920 रुपए जब्त किए गए।

कुंडा थाना क्षेत्र में 5 मामलों में 21 आरोपियों पर कार्रवाई के साथ सबसे ज्यादा 21,415 रुपए जब्त हुए। इसके अलावा पिपरिया में 4 मामलों में 11 आरोपियों से 5,530 रुपए, पंडरिया में 4 मामलों में 17 आरोपियों से 3,410 रुपए और दशरंगपुर चौकी में 3 मामलों में 14 आरोपियों से 6,420 रुपए जब्त किए गए। वहीं, पौड़ी, दामापुर, बोड़ला, सिंघनपुरी और बैजलपुर क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।

त्योहारों पर जारी रहेगी पुलिस की निगरानी

कबीरधाम पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जुआ, सट्टा और अन्य अवैधानिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली सहित सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। साथ ही जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Updated on:
10 Nov 2026, 11:20 AM IST
Published on: