कानपुर

नॉर्वे में चमका कानपुर का लाल, पीएम मोदी ने मनोज मिश्र की पीठ थपथपाई, विदेश में संभाल रहे सनातन की कमान

PM Modi: कानपुर के मनोज मिश्र को नॉर्वे में पीएम नरेंद्र मोदी से आशीर्वाद मिला है। विश्व हिंदू परिषद नॉर्वे के अध्यक्ष मनोज को यह सम्मान भारतीय संस्कृति और हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
May 20, 2026
Manoj Mishra, PM Modi, Norway
पीएम मोदी ने कानपुर के मनोज मिश्र की पीठ थपथपाई | फोटो सोर्स- X

PM Modi Norvey Visit Meet Manoj Mishra : कानपुर के किदवई नगर के रहने वाले मनोज मिश्र ने विदेश की धरती पर शहर और पूरे देश का नाम रोशन किया है। नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में हुए एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनोज मिश्र की पीठ थपथपाकर उनकी सराहना की। पीएम मोदी ने यह सम्मान मनोज को विदेशों में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए दिया है। जैसे ही प्रधानमंत्री से मिले इस सम्मान की खबर कानपुर पहुंची, मनोज के घर और पूरे किदवई नगर इलाके में जश्न का माहौल बन गया।

लगातार 7वीं बार संभाली विश्व हिंदू परिषद नॉर्वे की कमान

कानपुर के किदवई नगर की गलियों में पले-बढ़े मनोज मिश्र साल 2019 से नॉर्वे में रह रहे हैं। वे वहां के प्रतिष्ठित 'डेन नोर्स्क बैंक' के आईटी विभाग में काम करते हैं। मनोज के माता-पिता आज भी किदवई नगर में रहते हैं। नौकरी के साथ-साथ मनोज सामाजिक और धार्मिक कार्यों में भी आगे रहते हैं। यही वजह है कि उन्हें लगातार सातवीं बार 'विश्व हिंदू परिषद नॉर्वे' का अध्यक्ष चुना गया है। वे विश्व हिंदू परिषद भारत के 'सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज' के सम्मानित सदस्यों में से एक हैं। वे ओस्लो में 'सनातन मंदिर' बनाने वाले मुख्य सदस्यों में से एक हैं।

युवाओं को संस्कृति और हिंदी से जोड़ा

मनोज मिश्र ने नॉर्वे में रहने वाले भारतीय युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के लिए 'युवा परिवार नॉर्वे' नामक संगठन की स्थापना की। इसके अलावा, उन्होंने नॉर्वे में हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए साल 2016 और 2025 में दो बड़े हिंदी सम्मेलनों का भी सफल आयोजन किया। वे वहां 'इंडो-नॉर्वेजियन सोसाइटी' के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

खेल के मैदान में भी बढ़ाया भारत का मान

मनोज सिर्फ संस्कृति ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी भारत का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने नॉर्वे में 'फ्योर्ड क्रिकेट क्लब' की स्थापना की। इस क्लब की खास बात यह है कि इसके खिलाड़ी आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नॉर्वे की नेशनल क्रिकेट टीम की तरफ से खेलते हैं।

बचपन के मित्र ने साझा की यादें

मनोज मिश्र को मिले इस बड़े सम्मान पर उनके बचपन के दोस्त और व्यापार मंडल के अध्यक्ष हिमांशु पाल ने बहुत खुशी जताई है। हिमांशु पाल ने कहा कि मनोज ने प्रधानमंत्री से आशीर्वाद लेकर पूरे कानपुर और देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। उन्होंने बताया कि जब उनकी मनोज से फोन पर बात हुई, तो मनोज ने कहा कि पीएम मोदी ने उन्हें विदेश में सनातन संस्कृति के विस्तार और अच्छे कार्यों के लिए आगे भी ऐसे ही काम करते रहने की प्रेरणा दी है।

Updated on:
20 May 2026 10:40 am
Published on:
20 May 2026 10:40 am