कानपुर

Kanpur News:2 मिनट की कॉल से मच गया हड़कंप, डायल-112 पर मंत्री राकेश सचान को मिली जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

Rakesh Sachan Threat:कानपुर देहात में डायल-112 पर कॉल कर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश जारी है।

2 min read
Jun 03, 2026
Uttar Pradesh News
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान - फोटो पत्रिका

UP Dial 112 Threat Call:कानपुर देहात में यूपी डायल-112 पर फोन कर योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

डायल-112 पर आई धमकी भरी कॉल से मचा हड़कंप

कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र की देवीपुर चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों को देर रात यूपी डायल-112 के माध्यम से एक सूचना मिली। जिसमें डायल-112 देवीपुर में तैनात सिपाही श्याममिलन ने बताया कि एक कॉल आई है। कॉल करने वाला खुद को कानपुर नगर के रेउना क्षेत्र के मखौली गांव निवासी राममिलन होनी की जानकारी दे रहा है। इस साथ कह रहा है कि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मार देंगे। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सबसे पहले कॉल डिटेल और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद देवीपुर चौकी प्रभारी अतेंद्र कुमार की ओर से भोगनीपुर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी

देवीपुर चौकी प्रभारी अतेंद्र कुमार की तहरीर के आधार पर भोगनीपुर थाने में आरोपी राममिलन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है। कॉल किस उद्देश्य से की गई, आरोपी की मानसिक स्थिति क्या थी और उसके पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। वही पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि पीआरबी से मिली सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। साथ ही कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां भी हुईं सतर्क

पुलिस सूत्रों की माने तो कैबिनेट मंत्री को धमकी मिलने के मामले के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Published on:
03 Jun 2026 06:51 am