
Karauli hindaun city News : हिण्डौन सिटी (करौली)। जिले के हिण्डौन सिटी कस्बे में दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में महिला और दो मासूम बच्चों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा हुक्मीखेड़ा-ढिंढोरा रेलवे स्टेशन के बीच हुआ, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3:30 बजे ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर ने सूचना दी कि बयाना-जयपुर पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट ने बताया कि एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ अचानक पटरी पर आ गई और इंजन की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना गंगापुर सिटी से चौकी प्रभारी इंदल सिंह, भोपाल सिंह और सुल्तान सिंह मौके पर पहुंचे। वहीं आरपीएफ के उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर अप लाइन की पटरी पर महिला, एक बालक और एक बालिका के क्षत-विक्षत शव पड़े मिले। मृत महिला की उम्र करीब 30 वर्ष, जबकि बालक की उम्र लगभग 6 वर्ष और बालिका की उम्र करीब 4 वर्ष बताई जा रही है। शवों के पास एक पिट्ठू बैग भी मिला, जिसमें बच्चों के कपड़े और करीब 700 रुपए नकद मिले हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तीनों शवों को कब्जे में लिया और उन्हें हिण्डौन सिटी के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। आसपास के गांवों में सूचना भिजवाई, ताकि मृतकों की पहचान हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन शाम करीब 6 बजे तक भी शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी।
प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह मामला दुर्घटनावश हुआ या फिर कोई अन्य कारण रहा। वहीं, रेलवे अधिकारियों ने भी अपनी ओर से जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
इसके बाद जीआरपी ने शवों को निजी एम्बुलेंस की सहायता से हिण्डौन सिटी के जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। मामले में जीआरपी ने तीन अलग-अलग मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जांच गंगापुर सिटी जीआरपी थानाधिकारी दलवीर सिंह कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है और घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।