
Karaauli Dalit Minor Kidnapping Case: करौली के एक नाबालिग दलित लड़के का अपहरण कर जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने तथा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के चर्चित मामले में करौली पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए वारदात के दो मुख्य आरोपियों को मामला दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को धौलपुर जिले के जंगल क्षेत्र से पीछाकर दबोचा तथा वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया था। दोनों मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपी करौली सदर थाना क्षेत्र के सुंदरपुरा निवासी अभिषेक गुर्जर तथा हिंडौन सदर थाना क्षेत्र के बदनपुरा निवासी सौरभ गुर्जर है।
सौरभ गुर्जर एक सरकारी विद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम के नेतृत्व में कोतवाली थानाधिकारी नोबेल सैनी व टीम, सदर थानाधिकारी करौली यदुवीर सिंह मय टीम एवं मासलपुर थाने के हेड कांस्टेबल परमजीत को शामिल कर टीम गठित की गई। एसपी ने आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया। पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर लगातार दबिश दी।
तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी धौलपुर के जंगलों की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी कार छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले, लेकिन करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
भागने के दौरान दोनों आरोपियों को चोटें भी आईं। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर अपहरण और पीड़ित को छोड़ने वाले स्थान की तस्दीक कराई गई। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एसपी सोनवाल ने बताया कि 30 जून को पीड़ित लड़के की मां ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया था कि उसका नाबालिग बेटा एक दुकान पर काम करता है। 28 जून की शाम को वह रोज की तरह काम से घर लौट रहा था।
इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते से जबरन कार में बैठा लिया और गुड़ला बांध के समीप जंगल में ले गए। वहां लाठी-डंडों, लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
नाबालिग दलित लड़के अमन जाटव के अपहरण और मारपीट मामले में भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पीड़ित परिवार से वीडियो कॉल पर बात की। अमन ने चंद्रशेखर आजाद को घटना का पूरा ब्योरा सुनाया। उसने बताया कि वह दुकान से घर लौट रहा था, तभी तीन अज्ञात लोगों ने उसे गाड़ी में जबरन डाला और सुंदरपुरा गांव के खेतों में ले जाकर बुरी तरह पीटा।
अमन ने बताया कि पूरे शरीर में चोटें हैं और एक हमलावर को वह पहचानता है। चंद्रशेखर आजाद ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा, घबराओ मत, हम आपके साथ हैं। मैं SP, DM और संबंधित अधिकारियों से बात करूंगा। अगर पुलिस एक्शन में देरी करती है तो मैं खुद करौली आऊंगा।