कासगंज

कासगंज में किशोरी की हत्या, भाई-भाभी हिरासत में, परिवार में चल रहा था बंटवारे का विवाद

Kasganj Murder Case: यूपी के कासगंज में किशोरी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका अपने भाई-भाभी से साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आइए जानते हैं पूरा मामला।..

2 min read
Jun 04, 2026
Kasganj Murder Case, UP crime news, UP Police
भाभी ने डंडे से पीटकर ली ननद की जान (फोटो- पत्रिका)

Kasganj Nanad Bhabhi Murder Case:उत्तर प्रदेश के कासगंज में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में 17 वर्षीय ज्योति की जान चली गई। आरोप है कि भाभी मनु और भाई आनंद कुमार ने झगड़े के दौरान किशोरी पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस भाई-भाभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

दरवाजा लगाने को लेकर हुआ था विवाद

सहावर कोतवाली क्षेत्र के नगला चौबे गांव में बुधवार दोपहर आनंद कुमार और उसकी पत्नी मनु घर में एक नया दरवाजा लगवा रहे थे। इसी बात को लेकर आनंद की बहनों रेनू, ज्योति और छोटे भाई प्रिंस से उनकी कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। बड़ी बहन रेनू ने बताया कि इसी दौरान भाई आनंद और भाभी मनु ने ज्योति पर डंडों से हमला कर दिया। भाभी ने ज्योति के सिर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। बीच बचाव करने आई रेनू को भी इस दौरान काफी चोटें आईं।

झगड़े और मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ज्योति को सहावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

उलटा पुलिस से शिकायत करने पहुंचे थे आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई और भाभी खुद को बेकसूर साबित करने के लिए पुलिस से शिकायत करने सहावर कोतवाली पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को वहीं रोक लिया और हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ओम प्रकाश सिंह (SP), सुशील कुमार (ASP) और शाहिदा नसरीन (CO) ने घटनास्थल का जायजा लिया। ओम प्रकाश (SP) ने बताया कि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

जब तक ये जिंदा रहेंगी जमीन नहीं मिलेगी

मृतका की बहन रेनू ने पुलिस को बताया कि उनका भाई आनंद और भाभी मनु अक्सर जमीन और घर के बंटवारे को लेकर झगड़ा करते थे। रेनू का आरोप है कि आनंद और मनु उन्हें धमकाते हुए कहते थे कि जब तक दोनों बहनें जिंदा रहेंगी उन्हें जमीन का पूरा हिस्सा नहीं मिलेगा। इसी लालच के चलते उन्होंने ज्योति को मौत के घाट उतार दिया।

पिता पुलिस में हैं होमगार्ड

आपको बता दें कि मृतका ज्योति के पिता दिनेश चंद्र होमगार्ड जवान हैं और वह सहावर कोतवाली में ही तैनात हैं। ज्योति पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। परिवार में सबसे बड़ा भाई आनंद फिर बहन भावना, प्रिंस, रेनू और सबसे छोटी ज्योति थी। पिछले एक साल से घर में जमीन को लेकर लगातार तनाव चल रहा था। अपनी बेटी की मौत के बाद मां गुड्डो देवी और पिता दिनेश चंद्र का रो-रोकर बुरा हाल है।