
कटनी/ मध्य प्रदेश के कटनी में यातायात सड़क सुरक्षा सप्ताह के चलते यातायात पुलिस ने शहरवासियों की जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया। इसी के तहत शहर के मिशन चौक पर गुरूवार की दोपहर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर लोगों को बताया गया कि, सफर के दौरान कैसे सुरक्षा उपाय अपनाकर जीवन सुरक्षित रखा जा सकता है।
देखें खबर से संबंधित वीडियो...
अपनों की पीड़ा कर सकते हैं कम
नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम के जरिये पुलिस ने लोगों को बताया कि, सफर के दौरान सावधानी बरतकर हम अपनों की पीड़ा को कम कर सकते हैं। ट्रैफिक नियमों का पालन करना और अपने मार्ग पर सुनिश्चित गति में वाहन चलाने से किसी भी बड़े सड़क हादसे से बचा जा सकता है।
यातायात पुलिस के साथ मौजूद रहे कलाकार
यातायात विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस जागरुकता अभियान के दौरान यातायात पुलिस स्टॉफ के साथ ही कलाकार मौजूद रहे। इस दौरान हेलमेट लगाने के फायदे के साथ ही वाहन चलाते समय नशे का सेवन न करने के बारे में जानकारी दी गई। नाटक प्रस्तुति के दौरान खासतौर पर वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल के नुकसान की भी जानकारी दी गई। अकसर लोग वाहन चलाते हुए फोन पर बात करने लगते हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा बताया गया कि, ये भी एक्सिडेंट के मुख्य कारणों में से एक है।