
Brutal Murder in Kaushambi: कौशांबी में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। प्रेम प्रसंग के चलते आरोपियों ने युवक को बुरी तरह से पीटा, फिर घायल अवस्था में गांव के बाहर फेंक दिया। आरोपियों ने युवक की प्रेमिका को भी जमकर पीटा। मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने की वजह से युवक की मौत हो गई, जबकि प्रेमिका का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कौशांबी जिले में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआ खाड़ा गांव में एक युवक शिव प्रसाद (19) गुरुवार देर रात को अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। इस दौरान लड़की के परिजनों ने प्रेमी-प्रेमिका को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद परिजनों ने प्रेमी-प्रमिका को जमकर पीटा और गांव के बाहर फेंक दिया। शिव प्रसाद का करीब एक साल से अफेयर चल रहा था।
शिव प्रसाद ने मरने से अपनी मां को फोन किया। उसने फोन पर कहा- मां मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे। इसके बाद फोन कट हो गया। फोन बेटे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, परिजन उसे रात के अंधेरे में खोजने निकल पड़े। काफी खोजबीन के बाद महुआ खाड़ा गांव के बाहर कुछ दूरी शिव प्रसाद और उसकी गर्लफ्रेंड लहूलुहान हालत में मिली।
इसके बाद परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को शिव प्रसाद की मौत हो गई, जबकि लड़की का इलाज चल रहा है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस लड़की के परिजनों से मिलने गई तो घर पर कोई नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद युवती के पिता राकेश राजपूत समेत परिवार के अन्य सदस्य फरार हो गए हैं।
मृतक शिव प्रकाश के बड़े भाई गुरु प्रसाद ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। शिव प्रकाश के भाई और मां ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गुरु प्रसाद ने कहा- मेरे भाई ने रात में मां को फोन करके अपनी जान बचाने की गुहार लगाई थी। उसकी हत्या की गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गुरु प्रसाद की मां पुनीती देवी ने आरोप लगाया कि राकेश राजपूत, उसके बेटे सचिन और दुर्गेश तथा राकेश की पत्नी गेदियां ने मिलकर उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंझनपुर CO शिवांक सिंह ने कहा- दिनांक 10 जुलाई 2026 को थाना मंझनपुर क्षेत्र में हुई घटना के संबंध में सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को घटना का कारण पाया गया है।
मारपीट में घायल शिवप्रसाद की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई, जबकि युवती का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वादी की तहरीर के आधार पर थाना मंझनपुर पर अभियोग पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कौशांबी द्वारा घटना के अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमों का गठन किया गया है। अब तक दो अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है।