
Bhoramdev Jungle Safari: बारिश के बाद अब भोरमदेव अभयारण्य के जंगलों में एक बार फिर पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई है। बरसात के दौरान बंद रही जंगल सफारी दोबारा शुरू होने से प्रकृति प्रेमियों को घने जंगलों के बीच रोमांचक सफर का मौका मिल रहा है। 36 किलोमीटर लंबे सफारी मार्ग पर कहीं वन्यजीवों की हलचल तो कहीं पक्षियों की चहचहाहट पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।
कबीरधाम जिले के अलावा प्रदेश और दूसरे राज्यों से भी पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। करीब 352 वर्ग किलोमीटर में फैले भोरमदेव अभयारण्य में सफारी के दौरान भारतीय गौर, भालू, नीलगाय, सांभर और कोटरी जैसे वन्यजीवों को देखने का अवसर मिलता है। इसके अलावा जंगली मुर्गा, विभिन्न प्रजातियों के पक्षी और रंग-बिरंगी तितलियां भी आकर्षण का हिस्सा हैं। जंगल में बाघ के पदचिह्न भी पर्यटकों की उत्सुकता बढ़ाते हैं। घने जंगल और पहाड़ियों के बीच से गुजरता सफारी मार्ग इस पूरे सफर को रोमांचक बनाता है।
सफारी का प्रवेश द्वार भोरमदेव मंदिर के पास करियाआमा में स्थित है। वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल के अनुसार भोरमदेव जंगल सफारी इको-टूरिज्म के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान दिला रही है। इससे प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।
भोरमदेव में पर्यटकों का आकर्षण केवल जंगल सफारी तक सीमित नहीं है। यहां स्थित प्राकृतिक उद्यान में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। परिवार के साथ घूमने आने वाले लोगों के लिए यह स्थल प्रकृति के बीच समय बिताने का अवसर दे रहा है। सफारी दोबारा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां फिर बढ़ने लगी हैं।
भोरमदेव जंगल सफारी अब केवल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र नहीं बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका का भी नया माध्यम बन रही है। सफारी के संचालन से वन प्रबंधन समिति और क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। वहीं सफारी परिसर में स्वसहायता समूह की महिलाएं कैंटीन का संचालन कर रही हैं। पर्यटकों को चाय-नाश्ता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ महिलाएं अपनी आमदनी भी बढ़ा रही हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को मजबूती मिल रही है।