कवर्धा

Chhattisgarh News: इस जिले के 129 सरकारी स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, 5.53 करोड़ रुपए स्वीकृत, ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार

Kabirdham Government Schools: कबीरधाम के 129 सरकारी स्कूलों में 5.53 करोड़ रुपए की लागत से बालिका शौचालय बनेंगे। योजना से छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ग्रामीणों को 75-80 लाख रुपए तक का रोजगार मिलेगा।
2 min read
Aug 06, 2026
Chhattisgarh News
स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Kabirdham Girls Toilet Construction: कबीरधाम जिले के ग्रामीण स्कूलों में पढऩे वाली हजारों बालिकाओं को लंबे समय से महसूस की जा रही एक बुनियादी सुविधा अब मिलने जा रही है। जिले की 129 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में 5 करोड़ 53 लाख 90 हजार रुपए की लागत से बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। स्वीकृति आदेश जारी होते ही ग्राम पंचायतों ने निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। इससे जहां बालिकाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शौचालय की सुविधा मिलेगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह कार्य विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (जी राम जी) के तहत कराया जा रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जिले के जरूरतमंद स्कूलों की सूची जिला पंचायत को भेजी गई थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वीकृति जारी की गई। उद्देश्य ग्रामीण स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर बालिकाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है। प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में समुदाय उपयोग के लिए बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक स्कूल में 4 लाख 30 हजार रुपए की लागत से शौचालय बनाया जाएगा। निर्माण एजेंसी के रूप में ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी पंचायतों को तत्काल निर्माण शुरू करने तथा गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Chhattisgarh News: मजदूरों को ऑनलाइन भुगतान होगा

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बोड़ला विकासखंड की 25 शालाओं के लिए 1.7 करोड़ रुपए, कवर्धा विकासखंड की 3 शालाओं के लिए 12.90 लाख रुपए, सहसपुर लोहारा की 15 शालाओं के लिए 64.50 लाख रुपए और पंडरिया विकासखंड की 86 शालाओं के लिए 3.69 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू ग्रामीण रोजगार है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को प्रतिदिन 300 रुपए मजदूरी सीधे उनके बैंक खातों में मिलेगी।

अनुमान है कि सभी 129 निर्माण कार्यों के दौरान 75 से 80 लाख रुपए की मजदूरी सीधे ग्रामीणों के खातों में पहुंचेगी। इससे एक ओर स्कूलों में बालिकाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा, तो दूसरी ओर ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिलेगा।

गारंटी मिशन

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन के शुभारंभ के दौरान कहा था कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ-साथ स्कूलों में बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करेगी। इसी कड़ी में बालिका शौचालय निर्माण को ग्रामीण शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Updated on:
06 Aug 2026 05:03 pm
Published on:
06 Aug 2026 05:03 pm