कवर्धा

कुई-कुकदूर में छात्राओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू, नए कॉलेज भवन और तहसील कार्यालय की भी मिली सौगात

Pandariya College Development: छत्तीसगढ़ के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के कुई-कुकदूर में छात्राओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू हुई। 5.96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन हुआ।
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Chhattisgarh Development Projects
पंडरिया विधानसभा को मिली विकास कार्यों की सौगात (Photo Source- Patrika File Photo)

Chhattisgarh Development Projects: कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गई। कुई-कुकदूर के हेलिपैड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने कुल 5 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा भी शुरू की गई।

Chhattisgarh Government News: छात्राओं के लिए शुरू हुई मुफ्त बस सेवा

दूरस्थ गांवों से कॉलेज आने वाली छात्राओं को अब आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इस बस सेवा का उद्देश्य परिवहन खर्च कम करना और बेटियों को नियमित रूप से उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। बस ग्राम अमनिया से शुरू होकर नेऊर, कुशियारी, महीडबरा, दमगढ़, लुढुटोला, उपका, अमेरा और कुर्सीकछार सहित आसपास के क्षेत्रों की छात्राओं को लेकर कुई-कुकदूर महाविद्यालय पहुंचेगी। विधायक भावना बोहरा के अनुसार, इस सुविधा के साथ पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में निःशुल्क बस सेवाओं की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। उनके मुताबिक, इन सेवाओं से अब तक 1500 से अधिक छात्राओं को लाभ मिला है।

कॉलेज भवन और तहसील कार्यालय की सौगात

कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर के लिए 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नए भवन का भूमिपूजन किया गया। वहीं, 71 लाख 12 हजार रुपये की लागत से निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा ग्राम कुई और कुकदूर में 30-30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदनों के निर्माण की शुरुआत की गई। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

कॉलेजों के विकास के लिए ढाई-ढाई करोड़ की घोषणा

विधायक भावना बोहरा के आग्रह पर मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्राम कांपादाह में नए शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही पंडरिया और पांडातराई के शासकीय महाविद्यालयों में ऑडिटोरियम निर्माण और परिसर विकास के लिए ढाई-ढाई करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई।

Pandariya News: अंतिम छोर तक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर

कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। वहीं, विधायक भावना बोहरा ने कहा कि क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और ग्रामीणों को उनके गांव के नजदीक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Updated on:
12 Oct 2026 07:45 pm
Published on:
12 Oct 2026 07:44 pm