कोंडागांव

Kondagaon News: ‘जिले में लोकतंत्र नहीं अफसरतंत्र चल रहा’, कलेक्टर-SP पर विनोद सोरी ने लगाए गंभीर आरोप

Collector Nupur Rashi Panna: कोंडागांव में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर विनोद सोरी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कलेक्टर और SP पर जनता की शिकायतें अनसुनी करने और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई के आरोप लगाए हैं।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 5:25 PM IST
Kondagaon News
Kondagaon News: 'जिले में लोकतंत्र नहीं अफसरतंत्र चल रहा'(photo-AI)

Kondagaon News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सियासत तेज हो गई है। आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद सोरी ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक पर आम जनता की शिकायतों को अनसुना करने और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय अफसरतंत्र हावी है। सोरी ने आरोप लगाया कि पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

Chhattisgarh News: कलेक्टर और SP पर लगाए गंभीर आरोप

विनोद सोरी ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन कोंडागांव में प्रशासन के खिलाफ बोलने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उनका आरोप है कि कलेक्टर और एसपी प्रशासनिक अधिकारियों की तरह काम करने के बजाय सत्तापक्ष के कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोरी के मुताबिक, जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बजाय आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पत्रकारों और सामाजिक संगठनों पर कार्रवाई का आरोप

सोरी ने आरोप लगाया कि जिले में मीडिया की आवाज दबाने के लिए पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा विपक्षी राजनीतिक दलों के नेताओं और समाज प्रमुखों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इन कार्रवाइयों के कारण पत्रकारों में डर का माहौल है और कई लोग जनहित के मुद्दों पर खुलकर लिखने से बच रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जनदर्शन में अपनी मांगें लेकर पहुंचने वाले लोगों को उचित तरीके से नहीं सुना जाता। वहीं, थाने में शिकायत करने वाले सामाजिक लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाती है।

शामपुर एकलव्य आश्रम का मामला उठाया

विनोद सोरी ने कुछ दिन पहले शामपुर एकलव्य आश्रम की अव्यवस्थाओं को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आश्रम की समस्याओं की शिकायत लेकर पालक और सामाजिक लोग अजाक थाने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक के व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जो काफी वायरल हुआ।

सोरी ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर पहुंचे आदिवासी समाज के लोगों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और उन्हें धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के भी लगाए आरोप

आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिले में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि आम जनता की आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई होने के कारण कई लोग अपनी समस्याएं सामने रखने से डर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर जिले में कमीशन का खेल चल रहा है।

सोरी ने कहा कि आदिवासी समाज की ओर से लगातार पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के बावजूद यहां के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

कलेक्टर-SP के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

विनोद सोरी ने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और एसपी पंकज चंद्रा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासी कांग्रेस प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को न्याय दिलाने के लिए संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ेगा और प्रशासन के खिलाफ विरोध जारी रखेगा। फिलहाल, विनोद सोरी के इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।

Updated on:
24 Nov 2026, 5:25 PM IST
Published on: