कोरबा

CG Crime News: बारात की खुशी बनी खौफ, डीजे विवाद में युवक को मारा चाकू, इस हाल में पहुंचा अस्पताल

Crime News: कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र में बारात की खुशियां उस वक्त खौफ में बदल गईं, जब एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी बस्ती इलाके में डीजे पर चढ़कर खतरनाक तरीके से नाच रहे युवकों को समझाना एक स्थानीय युवक को इतना भारी पड़ा कि उसे चाकू का शिकार होना पड़ा।
2 min read
Mar 27, 2026
चाकूबाजी (photo source- Patrika)
चाकूबाजी (photo source- Patrika)

CG Crime News: कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। पुरानी बस्ती इलाके में बारात के दौरान डीजे पर चढक़र नाच रहे युवकों को समझाइश देना एक स्थानीय युवक को महंगा पड़ गया, उस पर चाकू से जानलेवा हमला हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। कानून व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में चाकूबाजी का यह कोई पहला मामला नहीं है। पुरानी बस्ती से लेकर सीतामढ़ी तक हाल-फिलहाल में ऐसे लगभग दर्जनभर मामले सामने आ चुके हैं।

जानकारी के अनुसार यह घटना 25 मार्च की रात करीब 10 बजे की है। घायल युवक की पहचान संदीप भारद्वाज(24 वर्ष) दुरपा रोड निवासी के तौर पर हुई है। वह पेशे से एक कार सर्विस सेंटर में अकाउंटेंट है। घटना वाले दिन संदीप बरात में शामिल नहीं था, वह उसी इलाके का स्थानीय निवासी है। पुरानी बस्ती क्षेत्र में एक बारात पहुंची हुई थी, जहां डीजे की तेज आवाज पर कुछ युवक वाहन के ऊपर चढ़कर खतरनाक तरीके से नाच रहे थे। इससे आसपास मौजूद लोग असहज महसूस कर रहे थे। इसी दौरान संदीप ने युवकों को समझाइश दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संदीप द्वारा समझाइश देते ही युवक उग्र हो गए। मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। माहौल तनावपूर्ण हो गया, इसी दौरान कथित आरोपी पांडु ने गुस्से में चाकू निकाल लिया और संदीप पर हमला कर दिया।

पीड़ित के जांघ में चाकू से वार

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सीधे संदीप के पेट को निशाना बनाया, लेकिन संदीप के अचानक पलट जाने से चाकू का वार उसके जांघ में लगा। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बरात का माहौल पूरी तरह से बिगड़ गया। घायल संदीप को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक को गहरी चोट आई है। हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पूरी घटनाक्रम का वीडियो भी आया सामने

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें आरोपी युवक हाथ में चाकू लहराते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति भी साफ देखी जा सकती है। यह वीडियो अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पांडु के साथ शिवा साहू, लक्की साहू और एक अन्य युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं, पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

गंभीर धारा के तहत अपराध दर्ज

मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। - प्रतीक चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक, कोरबा

Updated on:
27 Mar 2026 04:02 pm
Published on:
27 Mar 2026 04:02 pm