
मर्डर- प्रतीकात्मक तस्वीर।
Murder News: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में महज 12 दिनों के भीतर पिता की हैवानियत की दूसरी घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 13 मार्च को ग्राम भिलौनी में एक पिता द्वारा अपने मासूम बच्चे को नहर में डुबाकर हत्या किए जाने की घटना से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि 25 मार्च को फिर उसी थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री से एक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आ गई। इस बार एक सनकी पिता ने अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की ईंट से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और हर कोई स्तब्ध रह गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हिर्री निवासी शिवाजीत निषाद (50 वर्ष) अपने परिवार के साथ गांव में रहता था। परिवार में उसकी पत्नी लच्छन बाई, चार वर्षीय बेटी चांदनी निषाद, डेढ़ साल का बेटा अनुराग निषाद और मां सीताबाई शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शिवाजीत का स्वभाव बेहद गुस्सैल था और इसी वजह से उसका अपनी पत्नी के साथ आए दिन विवाद होता रहता था। घर का माहौल अक्सर तनावपूर्ण बना रहता था।
घटना वाले दिन, 25 मार्च की सुबह, लच्छन बाई रोज की तरह नहाने के लिए घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान शिवाजीत अपने छोटे बेटे अनुराग को लेकर घर से निकलने लगा। जब उसकी मां सीताबाई ने उससे पूछा कि वह बच्चे को कहां ले जा रहा है, तो उसने पास में ही घुमाकर लाने की बात कही। लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि वह इतनी खौफनाक वारदात को अंजाम देने जा रहा है।
शिवाजीत बच्चे को घर के पीछे स्थित बाड़ी की ओर ले गया। वहां पहुंचकर उसने मासूम अनुराग के सिर पर ईंट के टुकड़े से बेरहमी से कई बार वार किया। मासूम की चीखें भी उसकी दरिंदगी को नहीं रोक सकीं। इसी बीच उसकी मां सीताबाई भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गई और उसने अपने बेटे को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने अपनी ही मां पर भी हमला कर दिया। उसने सीताबाई के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह घायल हो गई।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल आरोपी को पकड़ लिया और उसे बांध दिया। इसके बाद मासूम अनुराग को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी प्रदीप सोरी और पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही एसएफएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी शिवाजीत निषाद को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस निर्मम घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और हर कोई इस बात से हैरान है कि एक पिता अपने ही बच्चे के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। पामगढ़ क्षेत्र में 12 दिनों के भीतर पिता द्वारा अपने बच्चों के साथ की गई दो दर्दनाक घटनाएं न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक और मानसिक स्थिति पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
Published on:
26 Mar 2026 05:20 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
