कोरबा

CG News: कोरबा के जटांगपुर को बड़ी सौगात, 1.30 करोड़ से सुधरेगी सड़क, बनेगा पर्यटन का नया केंद्र

Korba News: कोरबा जिले के छुरी के समीप स्थित प्राकृतिक और धार्मिक महत्व वाले जटांगपुर को अब नई पहचान देने की पहल शुरू हो गई है। वर्षों से जर्जर सड़क के कारण उपेक्षित इस पर्यटन स्थल तक पहुंचना मुश्किल था, लेकिन अब 1.30 करोड़ रुपए की लागत से सड़क का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

2 min read
Apr 05, 2026
जटांगपुर बनेगा पर्यटन का केंद्र (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG News: कोरबा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मशहूर लेकिन उपेक्षित स्थानों का चिन्हांकन किया गया है। कोरबा-कटघोरा मार्ग के बीच छुरी के समीप स्थित जटांगपुर काफी मशहूर है। प्राकृतिक खूबसूरती की छटा यहां देखने को मिलती है। बड़ी तादाद में आसपास के लोग यहां पिकनिक मनाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन यह वर्षों से उपेक्षित है।

देर से ही सही अब पर्यटन स्थल तक जाने वाली लगभग पांच किलोमीटर लंबी सड़क का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस कार्य के लिए एनटीपीसी ने अपने कार्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से लोक निर्माण विभाग को 1.30 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। जटांगपुर को अहिरन नदी के तट पर बसा एक छोटा लेकिन काफी खूबसूरत पर्यटन स्थल के तौर पर जाना जाता है। प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के कारण लोग यहां पहुंचते हैं, लेकिन यहां तक जाने वाली पहुंचमार्ग बेहद जर्जर है।

ये भी पढ़ें

मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर – दिल्ली – कोलकाता हवाई यात्रा का किया वर्चुअल शुभारंभ, फ्लाइट का शेड्यूल भी जारी

खराब सड़क से बढ़ी मुश्किलें, एनीकट से बढ़ी प्राकृतिक खूबसूरती

करीब एक दशक पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क का निर्माण किया गया था। वर्तमान स्थिति में सड़क की खराब हालत के कारण न केवल पर्यटकों बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में कीचड़ और जलभराव के कारण यहां पहुंचना बेहद दुर्गम हो जाता है। जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए गए एनीकट भी यहां मौजूद है, जो इस स्थान को और आकर्षक बनाता है। एनीकट के कारण नदी में लंबे समय तक जल भराव बना रहता है, जिससे आसपास हरियाली बढ़ी है। भूजल स्तर में भी सुधार हुआ है।

मां मुरितदाई मंदिर में है लोगों की आस्था

जटांगपुर केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था के केंद्र के रूप में भी प्रसिद्ध है। यहां स्थित मुरितदाई मंदिर में श्रद्धालुओं की खास आस्था है। चैत्र और क्वार नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनोकामना दीप प्रज्ज्वलित करने पहुंचते हैं। इसके अलावा लक्ष्मण पांव स्थल भी दर्शनीय है। जटांगपुर तक सडक़ का जीर्णोद्धार न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, कृषि और आवागमन को भी नई गति प्रदान करेगा।

सड़क सुधारने से लोगों को मिलेगा फायदा

सड़क सुधार का लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। बेहतर संपर्क सुविधा से जटांगपुर में पर्यटकों की संख्या बढऩे की संभावना है, जिससे स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। लोगों का आवागमन बढऩे से कई फायदे होंगे। इसका प्रचार प्रसार होने से पर्यटन केंद्र के तौर पर भी जटांगपुर की ख्याति बढ़ेगी।

जीआर जांगड़े, मुख्य कार्यपालन अभियंता, पीडब्ल्यूडी के मुताबिक, कटघोरा- कोरबा मुख्य मार्ग से जटांगपुर पहुंच मार्ग का जीर्णोद्धार किया जाएगा। एनटीपीसी द्वारा सीसीएसआर मद से राशि प्रदान की गई है। प्रयास है कि मानसून के पहले निर्माण शुरू कर दिया जाए।

ये भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ का छिपा स्वर्ग गरियाबंद… जहां भूतेश्वरनाथ की आस्था और जतमई-घटारानी के झरनों की खूबसूरती हर किसी को करती है आकर्षित, आप भी जरूर जाएं

Published on:
05 Apr 2026 03:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर