कोरबा

CG Winter News: गुलाबी ठंड की दस्तक से मौसम हुआ सुहाना, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन, जानें IMD का ताजा अपडेट

Winter News: गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ ही अब सुबह और शाम के ठंड का अहसास होने लगा है। न्यनूतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
2 min read
Oct 20, 2025
Weather Update
अब पड़ेगी कड़ाके की ठंड (photo Source- Patrika)

CG Winter News: गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ ही अब सुबह और शाम के ठंड का अहसास होने लगा है। न्यनूतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। लोगों ने भी गरम कपडे़ निकालना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनाें में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज करने का अनुमान लगाया है।

रविवार की अलसुबह नदी, तालाब व नहर के आसपास कोहरा छाया रहा। गुलाबी ठंड की दस्तक ने मौसम को खुशनुमा कर दिया है। रविवार सुबह और शाम को ठंड का अहसास हुआ। दोपहर में तेज धूप की वजह से तापमान सामान्य दर्ज किया गया। शनिवार की सुबह आठ बजे के बाद सूर्य की तेज किरणों की वजह से तापमान में इजाफा हुआ। सुबह लगभग साढे़ 11 बजे तक तापमान 32 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। दोपहर बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम छह बजे के बाद एक बार फिर ठंड का अहसास हुआ।

इसी के साथ शहरी क्षेत्र के स्मृति उद्यान, पुष्पलता उद्यान, एमपी नगर, सीएसईबी पूर्व सहित अन्य उद्यानाें में सुबह और शाम लोगों की चहल-पहल बढ़ गई है। रविवार को मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। रात में ठंड का एहसास होने लगा है।

गरम कपड़ों का सजने लगा बाजार

इधर ठंड की दस्तक के साथ ही गरम कपड़े का बाजार भी सजने लगा है। शहरी क्षेत्र के पावर हाउस रोड, टीपी नगर, इतवारी बाजार, बुधवारी बाजार, मुड़ापार बाजार, बालकोनगर, कुसमुंडा, दीपका, कटघोरा सहित अन्य बाजार में गरम कपडे़ की दुकानें लग रही है। ठंड को देखते हुए लोग यहां पहुंचकर कंबल व अन्य गरम कपड़ों की खरीदी कर रहे हैं। लोगाें में अब सुबह और शाम को स्वेटर, टोपी सहित अन्य गरम कपडे़ की मांग करने लगे हैं। वहीं सुबह और रात में ठंड से राहत पाने के लिए कंबल और रजाई का उपयोग लोगों ने करना शुरू कर दिया है।

Updated on:
20 Oct 2025 05:08 pm
Published on:
20 Oct 2025 05:08 pm