
Brother Kills Brother: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम नामलेपरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली विवाद के बाद बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय मथुरा धनवार अपनी पत्नी के साथ बड़े भाई कैलाश धनवार के घर खाना खाने गया था। पत्नी को बार-बार घर चलने के लिए बुलाने की बात पर विवाद हुआ और गुस्से में बड़े भाई ने हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय मथुरा धनवार अपनी पत्नी प्रमिला धनवार के साथ बड़े भाई कैलाश धनवार के घर खाना खाने गया था। रात में परिवार के सभी सदस्य एक साथ भोजन कर रहे थे। खाना खाने के बाद मथुरा आंगन में जाकर बैठ गया और अपनी पत्नी को घर चलने के लिए आवाज लगाने लगा। पत्नी के देर से आने पर वह बार-बार उसे बुलाता रहा। इसी बात को लेकर बड़े भाई कैलाश धनवार नाराज हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मथुरा के बार-बार आवाज लगाने से कैलाश गुस्से में आ गया। देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कैलाश ने घर में रखी टांगी उठा ली और मथुरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मथुरा के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद घर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल मथुरा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पौड़ी उपरोड़ा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। मथुरा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि वह गांव से लगे जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि गुस्से में लिया गया एक फैसला पूरे परिवार की जिंदगी बदल सकता है।