कोरबा

Crime News: न्यायालय परिसर में हाई ड्रामा, छेड़छाड़ का आरोपी अधिवक्ता भवन की छत से कूदा, मचा हड़कंप

Crime News: कोरबा के न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहा एक आरोपी अधिवक्ता भवन की छत से कूद गया।
2 min read
Apr 17, 2026
छेड़छाड़ का आरोपी अधिवक्ता भवन की छत से कूदा (फोटो सोर्स- AI)
छेड़छाड़ का आरोपी अधिवक्ता भवन की छत से कूदा (फोटो सोर्स- AI)

Crime News: नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ के आरोप में लंबे समय से फरार एक आरोपी ने कोरबा न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता भवन की छत से छलांग लगा दी। आरोपी के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी, जो कि प्रधान पाठक है, नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ के आरोप में काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। न्यायालय परिसर में यह घटना कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि आरोपी का कहना है कि एक आरक्षक ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जबकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है। मामले की जांच जारी है।

चर्चा है कि आरोपी अपने जमानत से संबंधित कार्य के सिलसिले में न्यायालय परिसर पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस को उसके वहां होने की भनक लग गई। पुलिस आरोपी प्रधान पाठक को गिरफ्तार करने न्यायालय परिसर पहुंची, तभी यह घटना हुई।

2023 की घटना में दर्ज हुआ था केस

अधिवक्ता भवन से कूदकर घायल प्रधान पाठक संदीप अग्रवाल, पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बांझीबन संकुल अंतर्गत प्राथमिक शाला घरीपखना में पदस्थ था। वर्ष 2023 में उस पर नाबालिग लड़कियों ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। मामले की जांच के आधार पर वर्ष 2024 में उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था। तब से वह फरार चल रहा था। गुरुवार, 16 अप्रैल को उसे न्यायालय परिसर में देखा गया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि गुरुवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अधिवक्ता भवन की दूसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच के दौरान पता चला कि घायल युवक संदीप अग्रवाल है, जो पॉक्सो एक्ट का आरोपी है और लंबे समय से फरार था।

आरोपी के अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संदीप द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पर लगाया धक्का देने का आरोप

प्रधान पाठक ने एक पुलिसकर्मी पर धक्का देने का आरोप लगाया है। वहीं, एक अन्य पक्ष यह भी सामने आ रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार था। गुरुवार को जब वह न्यायालय परिसर पहुंचा, तो पुलिस को इसकी सूचना मिल गई और पुलिसकर्मी उसे पकड़ने पहुंचे।

संभावना जताई जा रही है कि पुलिस से बचने के प्रयास में उसने खुद ही छलांग लगा दी। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं उसे किसी ने धक्का तो नहीं दिया।

Updated on:
17 Apr 2026 04:19 pm
Published on:
17 Apr 2026 04:19 pm