कोरबा

प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे पूर्व GM, रास्ते में दर्दनाक हादसा… SECL अधिकारी की मौत

Korba Road Accident: कोरबा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में SECL गेवरा एरिया के पूर्व GM अरुण कुमार त्यागी की मौत हो गई।

2 min read
May 08, 2026
प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे पूर्व GM, रास्ते में दर्दनाक हादसा… SECL अधिकारी की मौत(Photo-patrika)

Korba Road Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल (SECL) गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी की मौत हो गई। हाल ही में उन्हें निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर प्रमोशन मिला था और वे नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे। लेकिन रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा बांगों थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर चोटिया के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

ये भी पढ़ें

Big Bus Accident: जांजगीर-चांपा में पलटी यात्री बस, 50 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर, जांच जारी

Korba Road Accident: ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे थे सिंगरौली

जानकारी के मुताबिक, अरुण कुमार त्यागी एसईसीएल गेवरा एरिया में महाप्रबंधक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। हाल ही में उन्हें प्रमोशन देकर निर्देशक तकनीकी (Director Technical) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई थी। नई पोस्टिंग पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए वे कार से सिंगरौली रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पार्सल वाहन से टकराई कार

बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे-130 पर चोटिया क्षेत्र के पास उनकी कार आगे चल रहे एक पार्सल वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायल अधिकारी को वाहन से बाहर निकाला।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

भीषण टक्कर में अरुण कुमार त्यागी को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही एसईसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बांगों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार और करीबी लोगों में गहरा दुख देखा जा रहा है।

विधायक प्रेमचंद पटेल ने जताया शोक

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने सोशल मीडिया के जरिए अरुण कुमार त्यागी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि “एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में निर्देशक तकनीकी पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। वे नई जिम्मेदारी संभालने सिंगरौली जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दें।”

फिर सवालों में सड़क सुरक्षा

इस हादसे के बाद एक बार फिर नेशनल हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों और तेज रफ्तार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

नई जिम्मेदारी से पहले ही थम गई जिंदगी

अरुण कुमार त्यागी के करियर का यह अहम पड़ाव था। प्रमोशन के बाद वे नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उनके आकस्मिक निधन से एसईसीएल परिवार समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Updated on:
08 May 2026 12:49 pm
Published on:
08 May 2026 12:46 pm
Also Read
View All