
बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नारायणपुर में एक ऐसा स्कूल है जो कचरा घर (Garbage dumping yard) में लगता है। इस स्कूल में प्राइमरी व मिडिल स्कूल (Chhattisgarh School news) एक ही हॉल में लगता है। यहां पहली से 8वीं तक के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं हर दिन पढ़ाई करने आते हैं। जिस हॉल में बच्चे पढ़ते हैं वह कचरा घर (टिन शेड) के नीचे लगता है। यहां न तो बच्चों और न ही शिक्षकों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही टॉयलेट की। हॉल के एक किनारे कचरा ढोने वाले रिक्शे भी खड़े किए गए हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है, यह विडंबना ही है।
बता दें कि मनेंद्रगढ़ ब्लॉक के ग्राम नारायणपुर स्थित स्कूल भवन (School Building) की स्थिति जर्जर हो चुकी है। बारिश में प्राइमरी और मिडिल स्कूल के जर्जर भवन से पानी टपकने के कारण अस्थायी रूप से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के टिन शेड में स्कूल का संचालन किया जा रहा है। यहां पहली से आठवी तक 100 से ज्यादा बच्चों को एक हॉल में एक साथ बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है।
यहां बिजली, पंखे तक नहीं लगाए गए हैं। स्कूली बच्चे (School Students) उमस भरी गर्मी में टिन शेड के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। साथ ही टिन शेड के हाल में प्राइमरी-मिडिल स्कूल का कार्यालय भी संचालित है। टिन शेड हॉल में बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण बच्चे जैसे-तैसे पढ़ाई कर रहे हैं। बावजूद जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग सहित जनप्रतिनिधि बच्चों को सुविधाएं देने को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कचरा घर में अस्थायी रूप से संचालित प्राइमरी-मिडिल स्कूल में पढऩे वाले शिक्षक और बच्चों के लिए न टॉयलेट है और न ही बाथरूम है। यहां तक पीने के लिए पानी तक की सुविधाएं नहीं है। जैसे-तैसे बिजली विहीन टिन शेड के हाल में पहली से 8वीं तक के 100 से ज्यादा बच्चे पढ़ाई करने को विवश हैं। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत नारायणपुर (Narayanpur School) में दो प्राइमरी और एक मिडिल स्कूल संचालित हैं। स्कूलपारा में संचालित प्राइमरी और मिडिल स्कूल के भवन जर्जर होने के कारण अस्थायी रूप से कचरा घर में बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है।
इस संबंध में एमसीबी जिले के डीईओ रविकांत यादव (MCB DEO) का कहना है कि मामला संज्ञान में है। स्कूल भवन के छत से बारिश का पानी टपकने के कारण कुछ दिनों से अस्थायी रूप से दूसरे जगह कक्षाएं लग रही है। इस संबंध में बीईओ से प्रतिवेदन मंगाया गया है।