
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नौगई में रेत खनन-परिवहन और वर्चस्व को लेकर भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत 3 लोगों की नृशंस हत्या (Brutal murder of BJP leader) की गई थी। तिहरे हत्याकांड के पीडि़त परिवार से बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। साथ ही पीडि़त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस हत्याकांड का केस सीबीआई को सौंपे। वहीं उन्होंने मामले में माइनिंग और राजस्व विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जिले के पूरे पुलिस अमले को भी बदलने की जरूरत है। उन्होंने मामले को विधानसभा में भी उठाए जाने की बात कही।
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल (Former CM Bhupesh Baghel) दोपहर को महलपारा स्थित स्व. भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के निवास पहुंचे। सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि माइनिंग डिपार्टमेंट की भूमिका भी संदेहास्पद है और राजस्व अमला भी मौन साधे हुए है। पुलिस की भूमिका एकतरफा दिखाई दे रही है, जो संरक्षण देकर कार्रवाई कर रही है।
मामले में पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। दूसरा एंगल राजनैतिक भी है, एक विधायक का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की, पुलिस प्रशासन ने कांफ्रेंस कर जानकारी नहीं दी। पुलिस की कार्रवाई में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह राज्य में उच्च पदों पर बैठे लोगों का संरक्षण है या मौन स्वीकृति है। किसी भी व्यक्ति को जलाने का दुस्साहस कोई नहीं कर पाता है। जब तक उसको राजनैतिक और पुलिस का संरक्षण प्राप्त नहीं होता है। इसलिए सभी को यहां से हटाया जाना चाहिए।
पूर्व सीएम ने कहा कि मामले को विधानसभा में उठाएंगे। यहां कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरा पुलिस अमले का स्थानांतरण करना जरूरी है। पीडि़त परिवार को सुरक्षा प्रदान करें। साथ ही जल्द से जल्द सीबीआई को जांच की जिम्मेदारी सौंपी जाए और जांच रिपोर्ट जल्द न्यायालय में प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि पीडि़त परिवार ने मांग रखी है कि सीबीआई जांच (CBI investigation), फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और बुलडोजर की कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान पूर्व संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
इधर पुलिस ने तिहरे हत्याकांड (Triple murder case) के मामले में 3 और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसमें जितेंद्र त्रिपाठी, अनिल तिवारी व मनीष त्रिपाठी शामिल हैं। आरोपियों को जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस हत्याकांड की जांच कर रही है।
ऐसा अनुमान है कि जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे आरोपियों की संख्या भी बढ़ेगी। मामले में एसपी रवि कुमार कुर्रे ने कहा कि इस केस में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साजिश में शामिल प्रत्येक आरोपी तक पुलिस पहुंचेगी। जांच में जितने भी नाम आएंगे, सब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोनहत ब्लॉक के ग्राम नौगई में 16 जून की रात 10.30 बजे महलपारा एवं कटगोड़ी निवासी भरत कुमार सिंह उर्फ लल्ला सिंह अपने साथी योगेन्द्र सिंह, विरेन्द्र सिंह, मयंक सिंह एवं नागेन्द्र सिंह के साथ ग्राम नौगई पहुंचे थे। इस दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मनोज त्रिपाठी के घर के सामने विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
जहां मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी एवं अन्य व्यक्तियों ने भरत सिंह के वाहन फॉच्र्यूनर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मारपीट की। ग्राम नौगई में फॉच्र्यूनर कार में आग (BJP Leader murder news) लगाने से बैकुंठपुर महलपारा निवासी भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष (सोनहत) भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह (56), वीरेंद्र सिंह (28) व नागेंद्र सिंह (54) की मौत हो गई थी। वहीं गंभीर अवस्था में योगेंद्र सिंह, मयंक सिंह का रायपुर में इलाज चल रहा है।
वहीं जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने थाना सोनहत क्षेत्र में 16 जून को हुई गंभीर आपराधिक घटना के बाद कानून एवं लोक शांति बनाए रखने धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रस्तुत प्रतिवेदन पर महलपारा बैकुंठपुर, ग्राम नौगई तथा कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रशर प्लांट क्षेत्र को संवेदनशील मान 300 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है।