कोरीया

Four Lane Road: कोरिया की 13 किमी सडक़ बनेगी फोरलेन, 13 बार नाप-जोख के बाद मिली साढ़े 88 करोड़ की स्वीकृति

Four Land Road in Koria: कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से गुजरी सडक़ की पूर्व में 13 बार हो चुकी है नाप-जोख, दो महीने पहले ही पीडब्ल्यूडी सचिव व प्रमुख अभियंता को भेजा गया था प्रस्ताव
3 min read
Koria four lane road
Four lane road, बैकुंठपुर सिटी रोड जहां बनना है फोरलेन रोड (Photo source- Patrika)

बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से गुजरी नेशनल हाइवे पर ग्राम खरवत से लेकर जमगहना तक की 13 किलोमीटर सडक़ फोर लेन बनाई जाएगी। सडक़ का चौड़ीकरण कराने के लिए विभाग से 88.51 करोड़ की मंजूरी मिली है। इस मार्ग की पहले 13 बार नाप-जोख हो चुकी है। बता दें कि 2 माह पूर्व ही यहां से पीडब्ल्यूडी विभाग (PWD Department) के मुख्य सचिव व प्रमुख अभियंता को प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद राशि स्वीकृत हुई है। 14वीं बार नाप-जोख होने के बाद काम फाइनल किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग ने खरवत चौक (एनएच 43) से गेज नदी पुल होकर जमगहना मुख्य मार्ग तक फोरलेन सडक़ (Four Lane Road News) निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। परियोजना के लिए 88 करोड़ 51 लाख 29 हजार की राशि स्वीकृत है। तकनीकी स्वीकृति के बाद निविदा आमंत्रित की जाएगी। निर्माण प्रारंभ करने से पहले ड्राइंग एवं डिजाइन का सक्षम अधिकारी से अनुमोदन करना होगा। साथ ही निविदा प्रक्रिया कम से कम 90 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध होने पर ही की जाएगी।

निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ख्याल रखा जाएगा। यदि क्वालिटी खराब पाई जाती है तो संबंधित की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना होगा। परियोजना में भू-अर्जन के लिए राशि का प्रावधान किया गया है। निजी भूमि के स्वामित्व, रकबे और लागू दरों की राजस्व विभाग के सक्षम स्तर से जांच के बाद ही भू-अर्जन की विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

सडक़ के दोनों ओर 9-9 मीटर होगी नाप-जोख

पीडब्ल्यूडी, राजस्व विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम 3 सप्ताह पहले नापजोख शुरू की है। खरवत चौक से जमगहना तक सडक़ 18 मीटर चौड़ी होगी। सडक़ के बीच से दोनों ओर 9-9 मीटर नापजोख कर मार्किंग कराई जा रही है। गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता विजय कुमार भतपहरी 2 सप्ताह पहले कोरिया दौरे पर पहुंचे थे।

उस दौरान विधायक भईयालाल राजवाड़े (Baikunthpur MLA) ने जिले में प्रस्तावित विभिन्न सडक़ एवं पुल निर्माण कार्यों के संबंध में चर्चा की थी। वहीं कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने वर्ष 2026-27 की प्राथमिकता सूची के तहत खरवत चौक एनएच-43 से गेज नदी पुल होकर जमगहना मुख्य मार्ग तक 13 किलोमीटर चार लेन सडक़ निर्माण कराने 9648.27 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति देने अनुरोध किया था।

Koria Four Lane Road: मिली थी सकारात्मक सहमति

मामले में सचिव बंसल ने विधायक एवं कलेक्टर की ओर से प्रस्तुत सुझावों और प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त कर प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने निर्देश दिए थे। साथ ही भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा प्रक्रिया का विधिवत पालन कर एकीकृत प्राक्कलन शासन को भेजने की बात कही थी।

पहले भी सडक़ चौड़ीकरण राज्य की बजट (State Budget) सूची में बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्य राज्य की बजट सूची में सम्मिलित थी। इसमें खरवत चौक से गेज नदी पुल होकर जमगहना तक (एनएच 43) मुख्य मार्ग का फोरलेन निर्माण का उल्लेख है। वहीं चौड़ीकरण कराने के नाम पर करीब 13 बार नापजोख कर रिपोर्ट बन चुकी थी। इसमें एनएच-43 के अगल-बगल 80 फीट के दायरे में आने वाले करीब 300 मकान-दुकानों का चिन्हांकन कराया गया था।

लगातार शासन से किया पत्राचार

इस संबंध में विधायक भईयालाल राजवाड़े का कहना है कि क्षेत्र में सडक़ चौड़ीकरण की आवश्यकता को लेकर लगातार शासन स्तर पर पत्राचार करते रहे हैं। सडक़ निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Dev Sai) के प्रति आभार है। राज्य सरकार अधोसंरचना विकास को लेकर संवेदनशील है। फोरलेन सडक़ का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। शहर और आसपास के क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

कलेक्टर ने कही ये बात

कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव (Koria Collector) ने कहा कि प्रस्तावित सडक़ निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। आम नागरिकों के साथ व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर सडक़ निर्माण की आगामी कार्यवाही को आगे बढ़ाई जाएगी।

Updated on:
02 Sept 2026 08:39 pm
Published on:
02 Sept 2026 08:39 pm
Also Read
View All
Koria News: निगम इंजीनियर के खिलाफ चिरमिरी के व्यापारियों ने किया प्रदर्शन, कहा- ‘DNA खराब है’ वाले बयान पर मांगनी होगी माफी, वरना…

LPG Free City: छत्तीसगढ़ का पहला एलपीजी फ्री सिटी बनेगा मनेंद्रगढ़, 3 पेट्रोलियम कंपनियां सर्वे कर सरेंडर कराएंगीं सिलेंडर

Koria Crime: एसईसीएल की TMC कंपनी में तलवार लेकर घुसे थे युवक, ले उड़े 50 लाख के मशीनरी पाट्र्स, खरीदार समेत 4 गिरफ्तार

Chhattisgarh News: भाजपा नेता दुर्गाशंकर मिश्रा को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, विधायक के थे करीबी, प्रदेश महामंत्री ने जारी किया आदेश

Koria News: नहाते समय तालाब में डूबने लगे 4 बच्चे, देवदूत बनकर आए युवक ने लगाई छलांग, 3 को बचाया, 1 की मौत