
बैकुंठपुर। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ वनमंडल के कोटाडोल परिक्षेत्र में वन्य प्राणी के हमले (Leopard attack) में 14 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई। वह धान कटाई कर अपने माता-पिता के साथ देर शाम घर लौट रही थी। माता-पिता आगे-आगे तथा वह पीछे थी। इसी बीच अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए या बाघ द्वारा हमला करने का संदेह जताया जा रहा है। हालांकि वन अमले ने मौके पर पगमार्क की जांच की, लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की संचालक का कहना है कि यह पगमार्ग तेंदुए का हो सकता है। जांच जारी है।
एमसीबी जिले के कोटाडोल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मनियारी निवासी 14 वर्षीय रेखा 18 नवंबर को अपने माता-पिता के साथ धान की कटाई करने खेत में गई थी। धान कटाई करने के बाद देर शाम करीब ७ बजे सभी घर लौट रहे थे। किशोरी के माता-पिता आगे चल रहे थे, जबकि वह पीछे से आ रही थी। इसी बीच अचानक वन्य प्राणी ने किशोरी पर हमला कर दिया।
उसने शोर मचाया, जब तक माता-पिता पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी। अंधेरा होने के कारण माता-पिता समेत अन्य हमला करने वाले वन्य प्राणी को देख नहीं पाए। दूसरी ओर वन्य प्राणी के हमले में बालिका की मौत के बाद गांव में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि घटना के अगले दिन पीडि़त परिवार ने कोटाडोल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
वन्यप्राणी के हमले में मौत की जानकारी किशोरी के माता-पिता द्वारा वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और जांच पड़ताल शुरु की। साथ ही पगमार्क की फोटो खींचकर डीएफओ मनेंद्रगढ़, संचालक गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व बैकुंठपुर को भेजी गई। लेकिन पगमार्क स्पष्ट नही हो पाया है। हालांकि घटना स्थल के आसपास क्षेत्र में कुछ दिन पहले बाघ का विचरण हुआ था। ऐसे में बाघ द्वारा हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व बैकुंठपुर की संचालक श्वेता कंबोज ने कहा कि घटना स्थल रेगुलर वनरिक्षेत्र कोटाडोल है। वहां से हमें पगमार्क की फोटो भेजी गई है। इसमें स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। तेंदुआ का पग मार्क हो सकता है।