कोरीया

MBBS in MCB: मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली 50 MBBS सीटों की स्वीकृति, पूर्व विधायक बोले- नींव कांग्रेस सरकार में पड़ी

MBBS in Manendragarh: कांग्रेस के पूर्व विधायब गुलाब कमरो ने स्वास्थ्य मंत्री और कोरबा सांसद का जताया आभार, कहा- आने वाले वर्षों में यह संस्थान पूरे सरगुजा संभाग के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा का बन सकता है प्रमुख केंद्र
2 min read
MBBS in MCB
MBBS seats, पूर्व विधायब गुलाब कमरो (Photo- Patrika)

मनेंद्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से 50 एमबीबीएस सीटों (MBBS seat) की स्वीकृति मिली है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इसे एमसीबी जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य मंत्री व सांसद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता वर्षों की योजनाबद्ध प्रक्रिया और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की परिकल्पना तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में साकार हुई। वर्ष 2023-24 के राज्य बजट में मेडिकल कॉलेज के लिए प्रावधान किया गया था। इसके साथ ही भूमि चयन, प्रारंभिक प्रशासनिक स्वीकृतियां, आवश्यक अधोसंरचना की प्रक्रिया तथा अन्य औपचारिक कार्य कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आगे बढ़ाए गए।

पूर्व विधायक ने कहा कि उस समय के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी मेडिकल कॉलेज (Medical college) की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास किए और केंद्र तथा राज्य स्तर पर विषय को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना केवल एक भवन निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि यह पूरे मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के भविष्य से जुड़ी एक बड़ी पहल है।

इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने जिले में ही एमबीबीएस की पढ़ाई (MBBS) करने का अवसर मिलेगा और उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। साथ ही जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर भी बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलना इस परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम है। इससे मेडिकल कॉलेज में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त होगा और आने वाले वर्षों में यह संस्थान पूरे सरगुजा संभाग के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

Manendragarh Medical college: भाजपा सरकार परियोजना को बढ़ा रही आगे

पूर्व विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति कांग्रेस सरकार के दूरदर्शी निर्णयों का परिणाम है, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। विकास कार्यों में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर निरंतरता बनाए रखना आवश्यक है, जिससे जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री (CG Health Minister) तथा सांसद ज्योत्सना महंत के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह बहुप्रतीक्षित सपना अब साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेडिकल कॉलेज के पूर्ण रूप से प्रारंभ होने के बाद एमसीबी जिले में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और क्षेत्रीय विकास के नए आयाम स्थापित होंगे तथा यह संस्थान पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि सिद्ध होगा।

Updated on:
15 Jul 2026 04:55 pm
Published on:
15 Jul 2026 04:54 pm