
बैकुंठपुर. कोरिया जिले के सोनहत की महिला सरपंच को नौगई तिहरा हत्याकांड (Naugai Triple Murder) जैसी घटना को अंजाम देने की धमकी दी गई। इसकी रिपोर्ट सरपंच ने थाने में दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने धमकी देने वाले चाचा-भतीजे के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है। धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। दरअसल सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौगई में 16 जून की रात भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत 3 लोगों की कार में जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी। इसी तरह की वारदात को अंजाम देने की बात आरोपित युवक ने सरपंच से कही। आरोपी ने कहा कि सरपंच बन गई हो तो ज्यादा उड़ मत।
कोरिया जिले के ग्राम सोनहत अंतर्गत ठाकुरपारा निवासी एवं सरपंच मानमति सिंह ने पुलिस को बताया कि घटना तिथि 30 जून की दोपहर पंचायत कार्यालय में सचिव व पंचों की उपस्थिति में बैठक चल रही थी। इसी बीच दोपहर करीब 2.45 बजे जयकरण साहू (Threat to Murder like BJP leader) वहां पहुंचा और अपने निजी बोर का पैसा मांगने लगा। जब उन्होंने मना किया तो यह जानते हुए भी कि वे एक आदिवासी महिला सरपंच हैं, इसके बाद भी जातिगत गाली दी।
उसके बाद उसका भतीजा राजेन्द्र प्रसाद साहू आया और गाली देने लगा। उसने कहा कि सरपंच बन गई हो तो ज्यादा उड़ों मत। फिर उसने जान मारने की धमकी (Threat to Sarpanch) दी। साथ ही सचिव एवं अन्य पंचों को भी गाली देते हुए शाम ६ बजे तक नौगई तिहरा हत्याकांड जैसा जिन्दा जलाकर मारने की धमकी दी। महिला सरपंच ने पुलिस को बताया कि आरोपियों की इस कृत्य से वे काफी डर गईं।
इसके बाद वे अपने पति को बुलाकर अन्य पंचों की मदद से घर पहुंचीं। मामले में पंचों से राय लेकर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी जयकरण साहू व उसके भतीजे राजेंद्र साहू के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम की धारा 3-1(आर-एस), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
सरपंच का कहना है कि आरोपी राजेंद्र साहू पिता बृजराम साहू (44) लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है। वर्ष 2008 से 2022के बीच थाना में 6 आपराधिक प्रकरण (Criminal cases) दर्ज हो चुके हंै। जिसमें 4 शरीर संबंधी अपराध व 2 अन्य अपराध शामिल है। इसके अलावा 10 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने जनवरी 2023 में आपराधिक कृत्यों पर नियंत्रण रखने गुंडा सूची में अनुमति दी। जिससे सोनहत पुलिस ने आरोपी को गुंडा की सूची में डाला है।