कोरीया

MCB Road Accident: ट्रेलर ने बाइक सवार 2 नर्सिंग छात्राओं समेत 3 को कुचला, तीनों की मौत, इलाज कराकर लौट रहे थे घर

Huge Road Accident: एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ कलेक्टोरेट परिसर के पास इमली गोलाई के पास ट्रेलर ने बाइक सवार 2 नर्सिंग छात्राओं व एक युवक को लिया चपेट में
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 7:23 PM IST
3 youth died in road accident in MCB
MCB Road Accident, ट्रेलर ने बाइक को मारी थी टक्कर (Photo- Patrika)

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ कलेक्टोरेट परिसर के पास इमली गोलाई में मंगलवार को ट्रेलर ने बाइक सवार 2 नर्सिंग छात्रा और एक युवक को कुचल दिया। इससे तीनों युवाओं की दर्दनाक मौत (Death in Road accident) हो गई। हादसे के बाद ग्राम नौगई सहित क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि नर्सिंग छात्राएं मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय अस्पताल में इलाज कराने गई थीं। इलाज कराने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान इमली गोलाई के पास उन्हें ट्रेलर ने टक्कर मार दी। फिर सडक़ पर गिरने के बाद उन्हें पहियों से रौंद दिया।

एमसीबी जिले के ग्राम नौगई निवासी भुवन सिंह 24 वर्ष, भूमिका 18 वर्ष और प्रमिला 18 वर्ष उपचार कराने के लिए मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तरीय अस्पताल पहुंचे थे। भूमिका और प्रमिला नर्सिंग की छात्राएं (Nursing Student death) थीं। अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लेने और उपचार कराने के बाद तीनों एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे।

तीनों गोलाई मार्ग पर इमली गोलाई के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सडक़ पर गिरकर गंभीर हो गए। इस दौरान ट्रेलर ने उन्हें कुचल (Trailer crushed 3 youth) दिया। हादसे में दोनों छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि युवक गंभीर रूप से घायल था।

MCB Road Accident, अस्पताल में उमड़ी लोगों की भीड़ (Photo- Patrika)

स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलवाई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण युवक की भी रास्ते में मौत हो गई। तीन युवाओं की मौत की खबर जैसे ही ग्राम नौगई पहुंची, वहां मातम छा गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक गुलाब कमरो अस्पताल पहुंचे और हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।

इमली गोलाई पर लगातार हादसे, कब जागेगा प्रशासन?

तीन युवाओं की मौत के बाद इमली गोलाई मार्ग पर सडक़ सुरक्षा व्यवस्था (Road safety) को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग और विशेषकर इमली गोलाई का क्षेत्र लंबे समय से दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील बना हुआ है। यहां पूर्व में भी कई गंभीर सडक़ हादसे हो चुके हैं और अनेक लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त और प्रभावी सुरक्षा इंतजाम नहीं करने से लोगों में नाराजगी है।

MCB accident: चेतावनी संकेतक लगाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार हादसों (Road accident) के बाद भी स्थायी समाधान की दिशा में गंभीर पहल नहीं कर रहे हैं। लोगों ने इमली गोलाई को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, डेंजर जोन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रात में दिखाई देने वाले संकेत, गति नियंत्रण के उपाय तथा आवश्यक सडक़ सुरक्षा व्यवस्था तत्काल कराने मांग की है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर कितनी जिंदगियां खत्म होने के बाद इस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

Updated on:
24 Nov 2026, 7:23 PM IST
Published on: