कोटा

Anta by-Election : भाजपा ने मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर को नहीं सौंपी कोई जिम्मेदारी, सब हैरान, जानें क्यों

Anta by-Election : अंता उप चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट। भाजपा ने मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर समेत कोटा के नेताओं को अंता उप चुनाव के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी। आखिर क्यों?
2 min read
Oct 30, 2025
Anta by-Election BJP ministers Madan Dilawar and Hiralal Nagar were not given any responsibilities surprising everyone Find out why
पंचायतीराज एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर। फोटो पत्रिका

Anta by-Election :अंता उप चुनाव में नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के अलावा कुल 15 प्रत्याशियों ने चुनाव में ताल ठोंक रखी है। अब प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में ताकत लगा दी है। भाजपा और कांग्रेस ने उप चुनाव में स्टार प्रचारकों के साथ चुनाव समितियों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेशभर के नेताओं और मंत्रियों को चुनाव प्रचार के लिए बुला रही है, लेकिन कोटा से आने वाले दोनों मंत्रियों को फिलहाल चुनाव से दूर रखा है। इन्हें किसी तरह की कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी है। उप चुनाव में भाजपा ने कोटा के विधायकों व पदाधिकारियों को भी कोई दायित्व नहीं दिया है। इसको लेकर सियासी गलियारों में खासी चर्चा है।

चुनाव प्रभारी है सांसद दुष्यंतसिंह

अंता विधानसभा उप चुनाव में भाजपा की चुनाव समिति में झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंतसिंह चुनाव प्रभारी है, जबकि चुनाव प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल है। चुनाव प्रचार में मंत्रियों और पूर्व विधायकों समेत अन्य पदाधिकारियों के नाम हैं, लेकिन कोटा जिले के किसी भी नेता का नाम इसमें शामिल नहीं हैं।

मदन दिलावर व हीरालाल नागर का बारां से गहरा नाता

पंचायतीराज एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का बारां जिले से गहरा नाता है। दोनों मंत्रियों का बारां पैतृक जिला भी है। जबकि मदन दिलावर अटरू विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक भी रह चुके हैं। लेकिन पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने अंता उप चुनाव में फिलहाल किसी को भी जिम्मेदारी नहीं सौंपी है। कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा भी बारां जिले के प्रभारी रह चुके हैं, लेकिन उन्हें भी किसी तरह की जिम्मेदारी नहीं दी है।

प्रदेशाध्यक्ष का जब आएगा आदेश, तब प्रचार के लिए जाएंगे

दिलावर ने उप चुनाव में प्रचार के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि प्रदेशाध्यक्ष का जब आदेश आ जाएगा, तब अंता प्रचार के लिए चले जाएंगे। नागर का कहना है कि वह अंता क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से लगातार सम्पर्क में है। प्रचार के सवाल पर कहा कि पार्टी नेतृत्व कहेगा तो प्रचार करने भी जाएंगे। दोनों मंत्रियों ने दावा किया कि भाजपा बड़े अंतर से चुनाव जीतेगी।

Updated on:
30 Oct 2025 09:56 am
Published on:
30 Oct 2025 09:56 am