रामगंजमंडी में श्रीराम कथा और गौ माता महोत्सव के दौरान राष्ट्रभावना और भक्ति का अनोखा संगम दिखा। आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने किसानों और सैनिकों को देश की असली ताकत बताया।
रामगंजमंडी (कोटा)। श्रीराम कथा और गौ माता महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री ने देश के जवानों और किसानों को भारत की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि बड़ी प्रसन्नता हुई ये देखकर कि आज की पहली आरती देश के जवान और किसानों ने की। सेना के जवान भी कथा श्रवण के लिए पहुंचे थे। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी रामगंजमंडी पहुंचे।
आचार्य शास्त्री ने भारत की आत्मा को समझने के लिए ऋषि और कृषि की भूमिका को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि सीमा पर खड़ा जवान और खेत में मेहनत करता किसान ही देश के सच्चे नायक है। जिनके बल पर देश सुरक्षित है। उन्होंने फौजियों के साथ मिलकर देशभक्ति गीत “दिल दिया है जान भी देंगे ए वतन तेरे लिए” गाया और सैनिकों को सैल्यूट कर सम्मान किया।
लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आज रामगंजमंडी की पावन भूमि श्रद्धा और भक्ति के वातावरण से आलोकित हो उठी है। गौ माता महोत्सव एवं श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, संयम और सकारात्मक ऊर्जा देने वाला आध्यात्मिक अनुभव है। बिरला ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में धर्म, करुणा और सेवा की भावना सशक्त होती है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का राजस्थान की धरती पर अभिनंदन करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रभावशाली वाणी और ओजस्वी विचारों से करोड़ों लोगों के हृदय में धर्म का दीपक जलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राम के नाम में और गौ माता के नाम में ही सभी का बेड़ा पार है। सनातन संस्कृति में गौ माता, गंगा माता और प्रकृति की पूजा का अत्यंत महत्व है।
यह वीडियो भी देखें
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामकथा केवल एक कथा नहीं जीवन जीने की पाठशाला है। यह हमें बेटे के धर्म, भाई के प्रेम, पति के समर्पण और राजा के कर्तव्य से अवगत कराती है। कथा में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, लाड़पुरा विधायक कल्पना देवी, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, मध्यप्रदेश के सुवासरा से विधायक हरदीप सिंह डंग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl