कोटा

BJP विधायक के बोल पर भड़के कांग्रेसी कहा… राहत नहीं दे सकते तो जख्म पर नमक तो मत छिड़को

कांग्रेस ने विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
2 min read
• •
Updated: 28 May 2018, 4:20 PM IST
mla statement
BJP विधायक के बोल पर भड़के कांग्रेसी कहा... राहत नहीं दे सकते तो जख्म पर नमक तो मत छिड़को

कोटा . सांगोद विधायक हीरालाल नागर के लोन माफी व मुआवजा पाने के लिए किसानों के आत्महत्या करने के बयान ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस ने विधायक के खिलाफ रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष सरोज मीणा ने कहा कि विधायक के बयान से किसान आहत हुए हैं।

सरकार राहत देने के बजाए किसानों के जख्म पर नमक छिड़क रही है। विधायक को किसानों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बपावर में विधायक नागर का पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग से रैली निकाली और चौराहे पर पुतला जलाया।


सांगोद ब्लॉक अध्यक्ष कुशलपाल सिंह की अध्यक्षता में कनवास में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, इसमें बयान की निंदा करते हुए आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय हुआ कि सोमवार को सांगोद में विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।



सरकार का हर जनप्रतिनिधि किसानों के साथ

सांसद ओम बिरला ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि हो, इसके लिए प्रधानमंत्री से लेकर सरकार का हर जनप्रतिनिधि चिंतित है। इस दिशा में 2022 का लक्ष्य तय कर प्रयास किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक हीरालाल नागर के वक्तव्य पर स्थिति स्पष्ट करते हुए सांसद ने कहा कि विधायक नागर का आशय गलत नहीं था, विधायक नागर स्वयं किसान के बेटे हैं, ऐसे में किसानों की परेशानियों को समझते हैं।

किसानों के प्रति अधिक संवेदनशील हैं, ऐसे में विधायक नागर ऐसी कोई बात नहीं करेंगे, जिससे किसानों की भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि जब भी किसानों की मौत की जानकारी आती है तो स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पूरी सरकार की संवेदना मृतक परिवार के साथ रहती है। दुख की घड़ी में वह स्वयं एवं पूरी सरकार किसानों के साथ खड़ी है।

Published on: