Rajasthan News: राजस्थान के सांगोद क्षेत्र में शनिवार को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है, यहां करीब 150 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
Sangod Development Project: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को सांगोद के दौरे पर रहेंगे। वे शाम चार बजे गायत्री चौराहा स्थित पुराना मेला ग्राउंड में आयोजित समारोह में 150 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
देहात अध्यक्ष मुरारी मेहता व नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी ने बताया कि समारोह में सांगोद में 35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 100 बेड के नवीन काशीपुरी उप जिला चिकित्सालय भवन, आमली-कंदाफल स्थित कालीसिंध नदी पर 70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली उच्चस्तरीय पुलिया एवं 45 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली कुराड़-ढोटी-कन्दाफल-मण्डाप-श्यामपुरा-सांगोद सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ाईकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे।
आयोजन को लेकर शुक्रवार को यहां दिनभर भाजपा पदाधिकारी समारोह स्थल पर स्टेज, पांडाल समेत अन्य तैयारियों में जुटे रहे। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर समेत प्रधान जयवीर सिंह, उपप्रधान ओम अडूसा, जिला कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार गर्ग, मन्त्री महेन्द्र शर्मा, महामन्त्री बुद्धिप्रकाश राठौर, प्रवीण गर्ग, उपाध्यक्ष रामावतार वर्मा, प्रदीप सोनी, हरिओम जांगिड़ आदि ने तैयारियों का जायजा लिया।
सांगोद में शनिवार को प्रस्तावित शिलान्यास समारोह को लेकर शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों ने क्षेत्र में जनसम्पर्क किया और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया। समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि रहेंगे और वे विभिन्न कार्यों का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर करेंगे। भाजपा युवा मोर्चा बपावरकलां मंडल के प्रवक्ता मनीष धाकड़ ने बताया कि सांगोद में गायत्री चौराहा स्थित मेला ग्राउंड में होने वाले समारोह के लिए क्षेत्र में सम्पर्क किया गया।
लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला रविवार को रामगंजमंडी आएंगे। इस दौरान वे जुल्मी लखारिया के मध्य निर्मित होने वाले ओवरब्रिज का शिलान्यास करने के साथ ही कई अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वे सनाढ्य आदिगौड़ ब्राह्मण समाज की ओर से आयोजित परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के आगामी 26 अप्रेल को प्रस्तावित लखारिया दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक शुक्रवार को हुई। सुकेत मंडल महामंत्री राकेश वर्मा ने बताया कि मंडल अध्यक्ष शांतिबाई के नेतृत्व में लखारिया चौराहा पर भाजपा सुकेत मंडल की बैठक हुई।
जिसमें भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।आगामी 26 अप्रेल को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व शिक्षा एवं पंचायतराज मंत्री मदन दिलावर सुकेत मंडल के दौरे पर रहेंगे। जहां लखारिया से जुल्मी के बीच बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास करेंगे और रामगंजमंडी विधानसभा में कई कार्यों की सौगात देते हुए विभिन्न कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद लखारिया चौराहा पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे।
जिलाध्यक्ष गोचर ने शिलान्यास व सभा स्थल का निरीक्षण किया तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देते हुए जरूरी निर्देश दिए। बैठक में जिला महामंत्री भगवानसिंह धाकड़ व राजाराम बैरवा, पूर्व पालिकाअध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल, जिला परिषद सदस्य धीरजसिंह सिसोदिया, पूर्व उपप्रधान सुनील गौतम, लखारिया प्रशासक धर्मराज धाकड़, कुम्भकोट प्रशासक सुरेंद्रसिंह सिसोदिया, वरिष्ठ कार्यकर्ता बाबूलाल मेघवाल, समंदर अहीर, लालचंद, घांसीलाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।