Kota Crocodile Attack : कोटा के खातौली गांव में पार्वती नदी में नहाने गए एक 11 वर्षीय बालक पर मंगलवार को मगरमच्छ ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि बालक समय रहते उसके चंगुल से बाहर निकल आया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दाएं पैर में गहरा जख्म हो गया।

Kota Crocodile Attack : कोटा। कोटा के खातौली गांव में पार्वती नदी में नहाने गए एक 11 वर्षीय बालक पर मंगलवार को मगरमच्छ ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि बालक समय रहते उसके चंगुल से बाहर निकल आया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दाएं पैर में गहरा जख्म हो गया।
खातौली स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद घायल बच्चे के पिता शिवराज गुर्जर ने बताया कि मंगलवार को हम लोग पार्वती नदी के दूसरे किनारे जो मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र में आता है वहां भेड़ बकरियां चरा रहे थे। तेज गर्मी के कारण उनका पुत्र अंकित गुर्जर अपने कुछ साथियों के साथ नदी में नहाने चला गया। इसी दौरान अचानक नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अंकित पर हमला कर दिया और उसके पैर को अपने जबड़े में जकड़ लिया।
अंकित ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की। उसकी आवाज सुनकर साथ में नहा रहे अन्य बच्चे तुरंत बाहर निकल आए और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पिता ने देखा कि अंकित के दाहिने पैर से खून बह रहा था। परिजन घायल बालक को तुरंत खातौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोटा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकेश बेवर ने बताया कि चंबल और पार्वती नदी में रहने वाले मगरमच्छ इन दिनों अधिक आक्रामक हो गए हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नदी में नहाने या किनारे जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
गौरतबल है कि कोटा के खातौली थाना क्षेत्र की बागली ग्राम पंचायत के घटोद गांव में 29 अप्रेल 2026 को 45 वर्षीय व्यक्ति को एक मगरमच्छ जबड़ों में दबाकर चंबल नदी में खींचकर ले गया था। जिसका शव चार घंटे बाद घटना स्थल से कुछ दूरी पर मिला था।
20 मई को धौलपुर शहर से चम्बल नदी के लगे राजघाट गांव में मवेशियों को पानी पिलाने गई 14 वर्षीय बालिका भारती को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। राजघाट निवासी दीनदयाल की बेटी भारती रोजाना की तरह सुबह करीब 11 बजे मवेशियों को पानी पिलाने चंबल नदी पर गई थी। इसी दौरान एक भैंस पानी में उतर गई। उसे बाहर निकालने के लिए भारती नदी में उतरी, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया था। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद भारती को मगरमच्छ के कब्जे से छुड़ाया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।