कोटा

कोटा के दशहरा मेले का आगाज रामलीला के साथ होगा

कोटा के 124वें राष्ट्रीय दशहरा मेला का आगाज गुरुवार को होगा। मेला समिति व निगम प्रशासन मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
2 min read
• •
Updated: 20 Sep 2017, 11:37 AM IST
Dashara Mela Kota, Kota National Dashara Fair, Nagar Nigam Kota, Kota Tourism, Rajasthan Tourism, Rajasthan Patrika, Kota Patrika, Kota News, Patrika News
Kota national Dashara fair begins from September 21

मेला समिति के अध्यक्ष राम मोहन मित्रा ने बताया कि गुरुवार शाम पांच बजे दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच में ध्वजारोहण के साथ मेले का आगाज होगा। इस दौरान क्वीन हरीश एंड पार्टी एवं गोरबंद का रंगारंग कार्यक्रम पेश करेगी, आतिशबाजी भी होगी। इस मौके पर पहली बार कार्यक्रम में आने वाले लोगों को भोजन भी कराया जाएगा। करीब 2500 लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। समारोह के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी होंगे, अध्यक्षता कोटा बूंदी सांसद ओम बिरला करेंगे, विधायक विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके बाद रात 9 बजे से रामलीला होगी।

टेंट को लेकर फिर विवाद

दशहरा मेले में पिछले तीन साल से टेण्ट को लेकर सबसे ज्यादा विवाद होता है। मंगलवार को टेण्ट की निविदा खुलते ही फिर विवाद खड़ा हो गया। निगम के अधिकारी रात 11 बजे तक टेण्ट के लिए निविदा डालने वालों से नेगोसिएशन करते रहे। बुधवार को मेला समिति की बैठक में इस पर अंतिम निर्णय किया जाएगा। कांग्रेस पार्षद दिलीप पाठक ने रात को टेण्ट व्यवसायियों को बुलाकर दबाव डालकर नेगोसिएशन करने का आरोप लगाया है।

आज तय होंगे कलाकार

मेले में होने वाले कार्यक्रमों में कौन कलाकार प्रस्तुति देंगे, किस इवेंट कंपनी को काम मिलेगा जैसे कई बिंदुओं पर बुधवार को होने वाली मेला समिति की बैठक में निर्णय होगा। साउंड, टेंट व अन्य टेंडर खोले गए हैं। बुधवार को होने वाली बैठक में सिने संध्या, गजल संध्या, भजन संध्या व अन्य प्रमुख कार्यक्रमों में आने वाले कलाकारों के नाम तय होंगे।

दुकानों की जगह देखी

राजस्व समिति के अध्यक्ष महेश गौतम लल्ली के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को मेले में लगने वाली दुकानों की जगह देखी। अब तक 440 पक्की दुकानों का आवंटन किया जा चुका है। कुल 450 पक्की दुकानें हैं। शेष का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया से होगा। कच्ची दुकानों के लिए जगह चिन्हित कर ली है। जल्द ही इनका भी आवंटन किया जाएगा। मेले में ठेले व पाटे लगाने वाले छोटे व्यापारियों के लिए भी जल्द ही जगह का आवंटन होगा। इस दौरान राजस्व अधिकारी रिंकल गुप्ता, विजय अग्निहोत्री भी मौजूद थे।

Published on: