कोटा

उत्तराखंड के चट्टान हादसे में कोटा के स्टोन व्यवसायी के 15 साल के बेटे की मौत, परिवार संग घूमने गए थे पिथौरागढ़

Uttarakhand Accident: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में चट्टान गिरने से हुए भीषण सड़क हादसे में कोटा के रामगंजमंडी निवासी 15 साल के केशव खंडेलवाल की मौत हो गई और चालक की भी जान चली गई। परिवार के साथ घूमने गए कोटा स्टोन व्यवसायी परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

2 min read
Jun 13, 2026
Uttarakhand Accident
हादसे की फोटो और इनसेट में मृतक का फाइल फोटो: पत्रिका

Keshav Khandelwal Died Form Ramganjmandi: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ के धारचूला तहसील मुख्यालय से करीब 42 किमी दूर पंपाबे नाम की जगह पर कोटा के रामगंजमंडी से घूमने गए पर्यटकों की एसयूवी कार के ऊपर शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे चट्टान गिर गई। इस हादसे में रामगंजमंडी निवासी केशव खंडेलवाल (15 वर्ष) पुत्र राजू खंडेलवाल तथा वाहन चालक सुरेन्द्र गर्ब्याल (50 वर्ष) पुत्र किशन सिंह की मौत हो गई। चालक पिथौरागढ़ जिले का ही निवासी है।

हादसे में पांच जने गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका वहां के अस्पताल में उपचार चल रहा है। सभी घायल रामगंजमंडी के कोटा स्टोन व्यवसायी परिवार के हैं। रामगंजमंडी से एक ही परिवार के 8 चचेरे भाई-बहन (3 बहनें और 5 भाई) उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में घूमने गए थे। अपनी यात्रा के पहले चरण में इन सभी ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के पवित्र दर्शन किए थे।

ये घायल हुए

घायलों में हनी खंडेलवाल, ऋषभ खंडेलवाल (30 वर्ष) पुत्र मुकेश खंडेलवाल, राघव खंडेलवाल (17 वर्ष) पुत्र बृजेश खंडेलवाल, कृष्णा खंडेलवाल (26 वर्ष) पुत्र दिनेश खंडेलवाल, आयुष खंडेलवाल (24 वर्ष) पुत्र गजेन्द्र खंडेलवाल शामिल हैं। घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय धारचूला ले जाया गया।

कार के अगले हिस्से पर गिरा विशाल बोल्डर

आदि कैलाश के दर्शन करने के बाद यह परिवार गुरुवार को दारमा घाटी स्थित प्रसिद्ध पंचाचूली बेस कैंप घूमने गया था। शुक्रवार को पंचाचूली से कार द्वारा वापस लौटते समय शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे यह भीषण हादसा हुआ। धारचूला से करीब 42 किलोमीटर दूर पंपाबे में पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर (चट्टान) भरभराकर नीचे आ गिरा। बोल्डर सीधे चलती कार के अगले हिस्से (फ्रंट) पर गिरा, जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। वाहन के अगले हिस्से पर चट्टान गिरने के कारण अगली सीटों पर बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आगे की सीट पर चालक व केशव बैठे हुए थे, जबकि पीछे बैठे परिवार के पांच लोग गंभीर घायल हो गए।

महज चंद मिनट का फासला

आठ चचेरे भाई बहन का यह परिवार रविवार को कोटा जिले के रामगंजमंडी से रवाना हुआ था। वापसी में यह दो कारों में सवार थे। एक में बहनें बैठी हुई थी और दूसरे में भाई थे। दोनों कारों में चंद मिनट का फासला था। दूसरी कार में मुस्कान, खुशी व बिंकी बैठी हुई थी। फिलहाल परिवारजन को सिर्फ दुर्घटना होने की जानकारी दी है। परिवार के कुछ सदस्य सूचना मिलने पर रवाना भी हो गए।

Published on:
13 Jun 2026 10:03 am