कोटा

कोटा: शादी में रसमलाई को लेकर रिश्तेदारों के बीच कुर्सियां और हलवाई के पलटे चले

Kota News: कोटा में शादी समारोह के दौरान रसमलाई को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि रिश्तेदारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। कुर्सियां फेंकी गईं और एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
2 min read
Apr 02, 2026
Feature image
फोटो- शादी में आपस में भिड़ते रिश्तेदार

Kota News: आपने कहीं घटना सुनी होगी पर ये घटना आपको अचम्भित कर देगी। कोटा में एक शादी समारोह उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना बुधवार रात विज्ञान नगर थाना क्षेत्र के एक सामुदायिक मैरिज गार्डन की है, जहां शादी में रिश्तेदारों के बीच रसमलाई को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते बवाल मच गया। बवाल इतना बढ़ गया की पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस आई और दोनों पक्षों को थाने ले गईं।

मीठे से शुरू हुआ विवाद, कुर्सियां चलने तक पहुंचा मामला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी में मौजूद दो पक्षों के बीच रसमलाई को लेकर कहासुनी हुई थी। शुरुआत में मामूली बहस थी, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। गुस्से में लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। इतना ही नहीं, हलवाई के बड़े पलटों का भी इस्तेमाल मारपीट में किया गया। हालात इतने बिगड़ गए कि लोग गार्डन से बाहर सड़क तक लड़ते हुए पहुंच गए।

पुलिस पहुंची मौके पर, दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया

घटना की सूचना मिलते ही विज्ञान नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में किया। थाना अधिकारी मुकेश मीणा के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। दो युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाया गया। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है।

मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसे वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग कुर्सियां फेंक रहे हैं और एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

छोटी बात बनी बड़ा विवाद

यह घटना एक बार फिर यह दिखाती है कि छोटी-सी बात भी किस तरह बड़े विवाद का रूप ले सकती है। शादी जैसे खुशियों के मौके पर इस तरह की घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। एक छोटी सी मिठाई की विवाद की वजह बन गईं।

Updated on:
02 Apr 2026 07:23 pm
Published on:
02 Apr 2026 07:22 pm