कोटा. खातौली थाना क्षेत्र के ठीकरदा गांव निवासी किशोरी को डेढ़ माह परेशान कर उसपर केरोसिन डाल कर आग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई।
खातौली. कोटा .
खातौली थाना क्षेत्र के ठीकरदा गांव निवासी किशोरी को आरोपित किशोर करीब डेढ़ माह से परेशान कर रहा था। परेशान होकर किशोरी ने जब परिजनों को बताया तो उससे नाराज किशोर ने शुक्रवार को किशोरी पर केरोसिन डाल कर आग लगा दी, इससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने किशोरी के पिता की रिपोर्ट पर शनिवार को हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की है।
Read More : घर में घुसकर प्रेमी ने किशोरी को जिंदा जलाया, अस्पताल की दहलीज पर टूटा दम
15 वर्षीय किशोरी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी कक्षा 9 में पढ़ती थी। वह पढऩे के लिए बागली जाती है। गांव का एक लड़का करीब डेढ़ माह से उसे परेशान कर रहा था। वह एक अन्य लड़की के जरिए उनकी बेटी से फोन पर बात करवाने को कहता था। उनकी बेटी ने बात करने से मना कर दिया और उन्हें जानकारी दी। इस पर उन्होंने लड़के को समझाया था, लेकिन वह नहीं माना। शुक्रवार को वे बागली गांव गए। उनकी पत्नी मजदूरी करने गई थी। बेटी अकेली थी।
उस समय आरोपित आया और घर पर उसे अकेला देखकर केरोसिन डालकर आग लगा दी। जानकारी मिलते ही वे आए और उसे पहले इटावा लेकर गए। वहां से रात को एमबीएस लाए। जहां उसकी 80 प्रतिशत झुलसने से मौत हो गई। किशोरी के पिता ने बताया कि वे गरीब आदमी हैं, मजदूरी कर परिवार का पेट पाल रहे हैं। उनके एक ही बेटी थी, जिसे वे पढ़ाना चाहते थे, लेकिन आरोपित ने उसे जलाकर मार डाला।
इधर, खातौली एसएचओ उप निरीक्षक विष्णु सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले की जांच इटावा उप अधीक्षक भोजराज सिंह कर रहे हैं।
Read More : रुद्राक्ष हत्याकांड: जिस घटना से कोटा में मच गया था हडकंप, उसमें अब तक हुए 110 गवाहों के बयान
तलाश में भेजी टीमें
उप अधीक्षक सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित गांव में नहीं हैं। उसकी तलाश के लिए एसएचओ के नेतृत्व में टीमें भेजी गई हैं। जल्दी ही आरोपित को पकड़ लेंगे। इसके बाद ही पूरी हकीकत पता चलेगी। साथ ही, आरोपित बालिग है या नाबालिग, पकड़े जाने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।