
कोटा . संभाग के सबसे बड़े मातृ एवं शिशु चिकित्सालय जेके लोन में सुरक्षा के लिए लगाए गए गार्डों की ड्यूटी में हेराफेरी कर लाखों रुपए की चपत लगाने की शिकायत पीएमओ पहुंची है। शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने अस्पताल प्रशासन को जांच कर इसे पोर्टल पर भी अपलोड करने के निर्देश दिए है।
अस्पताल प्रशासन ने इस दिशा में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। इधर, शिकायत कर्ता ने इस्तगासे के जरिए मामला कोर्ट में पेश किया, जिस पर न्यायालय ने 31 मई को सम्बंधित सभी से जवाब मांगा है।
माला रोड निवासी रिटायर्ड फौजी सुबा प्रसाद ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जेके लोन चिकित्सालय में 70 गार्ड का ठेका 8 लाख में हुआ है। अस्पताल में 40 गार्ड कार्य कर रहे हैं और 30 का अवैध पैसा उठाया जा रहा है। कई गार्ड से डबल ड्यूटी लगातार कराई जा रही है जो नियम विरूद्ध है।
शिकयत पर पीएमओ ने अस्पवताल प्रेशासन को जांच कर पोर्टल पर इसे अपलोड करने के निर्देश दिए है। वहीं न्यायालय ने जेके लोन अधीक्षक, जयहिंद पूर्व सैनिक बहुउद्देशीय सहकारी समिति लि. के ठेकेदार मनोज कुमार शर्मा व जिला कलक्टर को नोटिस जारी कर 31 मई को जवाब तलब किया है।
आरटीआई में नहीं दी जानकारी
एक्समैन सुबा प्रसाद का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2013 से 2018 तक गार्ड ड्यूटी समरी, पेमेंट डिटेल्स, पीएफ जमा , पीपीओ नम्बर आदि की जानकारी 15 फरवरी 2018 को आरटीआई में आवेदन लगाकर मांगी लेकिन अस्पताल के लोक सूचना अधिकारी ने यह अब तक उपलब्ध नहीं कराई। & गार्डों की ड्यूटी में कोई गलत हुआ है तो उसकी शिकायत मेरे पास नहीं आई है। शिकायत आएगी तो जांच करवाएंगे।