कोटा

Rahul Gandhi Kota Visit: चार्टर विमान से कोटा आएंगे राहुल गांधी, नीट-पेपर लीक मुद्दे पर छेड़ेंगे राष्ट्रव्यापी अभियान

Kota News: कोटा में आज छात्र-युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ा राजनीतिक आयोजन होने जा रहा है। दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच से राहुल गांधी छात्र-युवाओं की समस्याओं को लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।

3 min read
Jun 17, 2026
Rahul Gandhi
राहुल गांधी (Photo: ANI)

Rahul Gandhi Campaign Against NEET Paper Leak: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को चार्टर विमान से कोटा पहुंचेंगे और नीट, पेपर लीक तथा भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर छात्र-युवाओं से संवाद करेंगे। पहले उनका ट्रेन से कोटा आने और ट्रेन से ही दिल्ली लौटने का कार्यक्रम था लेकिन बाद में इसमें बदलाव कर चार्टर विमान से आने का निर्णय लिया गया। राहुल शाम करीब 6 बजे कोटा पहुंचेंगे और करीब 2 घंटे कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे।

दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच से राहुल गांधी छात्र-युवाओं की समस्याओं को लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। म्यूजिक कॉन्सर्ट के बाद वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े चार प्रमुख मुद्दे उठाएंगे। इनमें नीट परीक्षा का विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करना, पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही तय करना शामिल है।

राहुल गांधी के तैयारियों को लेकर हुई बैठक (फोटो: पत्रिका)

कांग्रेस-भाजपा नेताओं का जमावड़ा

राहुल गांधी के दौरे से पहले मंगलवार को कोटा की राजनीति गरमा गई। कांग्रेस और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं का शहर में जमावड़ा रहा और दोनों दलों के बीच दिनभर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी शाम को कोटा पहुंच गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन राज्य सरकार के दबाव में राहुल गांधी के स्वागत के लिए लगाए गए बैनर-पोस्टर हटवा रहा है। इसे लेकर कुछ स्थानों पर कहासुनी की भी सूचना है।

म्यूजिक कॉन्सर्ट से शुरुआत

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत म्यूजिक कॉन्सर्ट से होगी, जिसमें पॉप सिंगर लश्करी और कर्मा प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 7.30 बजे से रात 9.30 बजे तक चलेगा। डोटासरा ने कहा कि विपक्षी नेताओं के कार्यक्रम प्रभावित होने की आशंका और ट्रेन के लेट कराने की संभावना को देखते हुए राहुल गांधी के यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करते हुए चार्टर विमान को शामिल किया गया है।

कोचिंग संस्थानों में पहुंचे नेता और कार्यकर्ता

लोकसभा के प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी के छात्र संवाद सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेता मंगलवार को दिनभर जुटे रहे। प्रदेशभर के नेता कोटा पहुंच गए हैं। दोपहर में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी कार्यालय में बैठक लेकर तैयारियों पर चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी रात नौ बजे कोटा पहुंच गए।

कार्यकर्ता और नेताओं ने कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। पेपर लीक की थीम पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। एआइसीसी सचिव पूनम पासवान, कोटा जिलाप्रभारी और पीसीसी महासचिव पुष्पेन्द्र भारद्वाज, राष्ट्रीय अध्यक्ष एनएसयूआइ विनोद जाखड़, पूर्व मंत्री पीसीसी सचिव अर्चना सुराणा ने भी तैयारियों का जायजा लिया।

राहुल गांधी के दौर की तैयारियां का जायजा लेते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का फोटो: पत्रिका

बैठक में डोटासरा ने कहा कि पेपर लीक की घटना मोदी सरकार में 3 बार हो चुकी है। केंद्र सरकार पेपर लीक से जुड़े लोगों को बचाने में जुड़ी हुई है। पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि सभी पदाधिकारी, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम में छात्रों को लाकर उनकी मन की बात साझा करवाएं। बैठक में पूर्व विधायक करणसिंह राठौड़, पीसीसी महासचिव अमित धारीवाल, डॉ. जफर मोहम्मद, पूर्व अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, शिवकांत नंदवाना, जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी, पूर्व महामंत्री संजय यादव समेत पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के साथ कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्रों से संवाद किया और कार्यक्रम में अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

श्रीराम रंगमंच पहुंचे

डोटासरा, शहर अध्यक्ष राखी गौतम, देहात अध्यक्ष भानुप्रतापसिंह समेत नेताओं ने मंगलवार को राहुल गांधी के संवाद स्थल दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौतम ने बताया कि राहुल संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए छात्रों में भारी उत्साह बना हुआ है। काफी संख्या में स्टूडेंट्स के भाग लेने की संभावना है। कांग्रेस देहात अध्यक्ष सिंह ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

होर्डिंग हटाना ओछी राजनीति का परिचायक

निगम प्रशासन की ओर से राहुल गांधी के होर्डिंग हटाए जाने पर शहर अध्यक्ष व देहात अध्यक्ष ने निंदा करते हुए कहा कि होर्डिंग भाजपा नेताओं के इशारे पर हटाए गए हैं। यह ओछी राजनीति का परिचायक है। यह सिर्फ होर्डिंग हटा सकते हैं। राहुल गांधी आमजन में बसे हुए हैं, वहां से हटा पाना भाजपा नेताओं के वश में नहीं है।

पायलट आज आएंगे

पीसीसी सदस्य क्रांति तिवारी ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट बुधवार दोपहर 12 बजे कोटा पहुंचेंगे और कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Updated on:
17 Jun 2026 07:29 am
Published on:
17 Jun 2026 07:23 am