
जयपुर/ कोटा।
जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के सामने महिला विधायक के साथ हुई अभद्रता के मामले को लेकर भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है। भाजपा के दो विधायकों के आपस में उलझने के इस मामले से सियासत गर्मा गई है। पार्टी के सह संगठन महामंत्री वी सतीश, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और प्रदेश संयोजक अविनाश राय खन्ना ने रविवार को विधायक चंद्रकांता मेघवाल को फोन करके घटनाक्रम की जानकारी ली।
मेघवाल ने उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए कहा कि विधायक प्रहलाद गुंजल हर जगह खौफ पैदा करके काम करना चाहते हैं। इससे पहले भी वे कई बार अभद्रता कर चुके हैं। अधिकारियों से भी आए दिन अभद्रता करके पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं।
इसके साथ ही मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह , राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश के संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर को पत्र लिखकर भी उनके साथ हुई बदसलूकी से अवगत कराया।
पत्र में मेघवाल ने बताया कि कलक्ट्रेट सभागार में कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के सामने विधायक प्रहलाद गुंजल ने उन्हें 'दो कौड़ी' की विधायक कहकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। यह कहा कि दो-दो कौड़ी के लोग जिनको राजनीति में हम लेकर आए वो आज बोलने की हिम्मत कर रहे हैं।
मेघवाल ने कहा, इस घटना से वे खुद को अपमानित एवं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। घटना के बाद से वे सदमे हैं। पत्र में मेघवाल ने आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी हित में शीघ्र उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
सीएम ने नहीं ली खबर
घटनाक्रम के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने विधायक मेघवाल को फोन करके मामले की जानकारी ली, लेकिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अभी तक इस मामले में मेघवाल से कोई बात नहीं की है।
भाजपा ने दी संयम बरतने की सलाह
इधर, भाजपा के दो विधायकों के बीच गाली-गलौच को संगठन ने गंभीरता से लिया है। दोनों विधायकों को संयम बरतने की सलाह देते हुए प्रकरण की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को दी गई बताते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने रविवार को विधायक चंद्रकांता मेघवाल तथा प्रहलाद गुंजल से मोबाइल पर घटनाक्रम की जानकारी ली। दोनों विधायकों से मोबाइल पर इस प्रकरण को लेकर लंबी चर्चा की गई।
बताया जाता है कि दोनों विधायकों ने एक-दूसरे की शिकायत करते हुए खुद को सही बताया। संगठन के पदाधिकारियों ने दोनों विधायकों को संयम बरतने की सलाह देते हुए कहा बताते हैं कि अनर्गल बयान देने से बचें। प्रदेशाध्यक्ष नहीं होने से मामले की सीधी जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को दी गई बताते हैं।