
Rajasthan CRPF Jawan Death Kota Railway Station: राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत मिले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की रविवार को इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान 50 वर्षीय अमरेन्द्र रॉय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से असम के बोगईगांव (जिला माणिकपुर) के रहने वाले थे। वर्तमान में वह मध्यप्रदेश के नीमच में सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे।
जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) के निरीक्षक गुलजारीलाल ने बताया कि अमरेन्द्र रॉय इससे पहले श्रीगंगानगर में भी पदस्थापित रहे थे। वह बीते 11 जुलाई को किसी विभागीय या निजी कार्य से नीमकाथाना आए थे। वहां से वापस लौटते समय कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर वह अचानक अचेत अवस्था में पाए गए। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि हेड कांस्टेबल अमरेन्द्र रॉय पिछले करीब एक हफ्ते से लापता चल रहे थे, जिसकी वजह से उनके परिजन भी बेहद परेशान थे। घटना की सूचना मिलते ही जवान के परिजन कोटा पहुंचे। जीआरपी ने परिजनों की मौजूदगी में रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है।
परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने फिलहाल 'मर्ग' (संदिग्ध मौत का मामला) दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, साथ ही उनके लापता होने और अचेत अवस्था में मिलने के बीच की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।