Traffic Diversion On Kota-Jhalwar Route: राजस्थान के रामगंजमंडी के रीको औद्योगिक क्षेत्र में 23 से 25 जनवरी तक बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की श्रीराम कथा एवं गौ माता महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है।
Dhirendra Shastri Bageshwar Dham In Kota: बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की ओर से 23, 24 और 25 जनवरी को रामगंजमंडी के रीको औद्योगिक क्षेत्र, फतेहपुर में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा एवं गौ माता महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कथा के मद्देनजर 22 से 25 जनवरी तक दरा घाटी और कोटा-झालावाड़ मार्ग पर यातायात डायवर्ट रहेगा।
मंगलवार को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक, कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर की उपस्थिति में अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री दिलावर ने विभागवार तैयारियों की एक-एक कर समीक्षा की और उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल, उपखंड मजिस्ट्रेट चारु सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पूरे कथा पंडाल परिसर एवं वाहन पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे परिसर की ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। कथा स्थल पर अस्थायी पुलिस थाना स्थापित किया जाएगा। संपूर्ण व्यवस्था की सुरक्षा में करीब 500 पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
बैठक में उपस्थित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक संदीप अग्रवाल ने बताया कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए क्षेत्र से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर चार दिन तक यातायात डायवर्ट रहेगा।
22 से 25 जनवरी की दोपहर तक 8 लेन मार्ग पर आने वाले सभी भारी वाहन नीमथुर से झालावाड़ वाया बारां होते हुए कोटा पहुंचेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर कोटा की ओर से आने वाले वाहन कोटा से बारां होते हुए वाया झालावाड़ निकाले जाएंगे।
झालावाड़ और कोटा दोनों दिशाओं से राष्ट्रीय राजमार्गों पर अस्थायी संकेतक (साइन बोर्ड) लगाए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सीधे कथा स्थल तक आसानी से पहुंच सकें।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl