लखीमपुर खेरी

हेलो! डीएम अंकल सड़क बनवा दो…स्कूल जाते समय कीचड़ में मेरे जूते खराब हो जाते हैं, नन्हीं बच्ची का वीडियो

Manvi Singh Viral Video: लखीमपुर खीरी में कक्षा 1 की छात्रा मानवी सिंह ने डीएम से जर्जर सड़क ठीक कराने की अपील की है। यहां पढ़े वायरल वीडियो की पूरी खबर...
2 min read
DM appeal, innocent plea, lakhimpur kheri news, Lakhimpur road issue
जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान नन्ही मानवी ने डीएम से लगाई गुहार | फोटो सोर्स- X

Manvi Singh Viral Video: लखीमपुर खीरी जिले के सलेमपुर कोन इलाके से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कक्षा 1 की एक नन्ही- सी छात्रा मानवी सिंह ने सीधे तौर पर जिलाधिकारी से अपने क्षेत्र की जर्जर सड़क को बनवाने की अपील की है। बच्ची की इस मासूम गुहार ने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।

जलभराव और कीचड़ से बदहाल हैं रास्ते

वायरल वीडियो में मानवी सिंह कहती नजर आ रही है कि "हेलो डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, मेरी सड़क बनवा दो।"
राजकीय पॉलिटेक्निक स्कूल के पास में रहने वाली मानवी ने बताया कि यह रास्ता लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है रखरखाव के अभाव में यह सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है, जहां यह रास्ता कीचड़ और पानी के बड़े तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

इस सड़क से गुजरते हैं हजारों लोग

यह सड़क केवल घरों को ही नहीं जोड़ती, बल्कि आम जनता की कई मूलभूत सुविधाओं तक पहुंचने का भी एकमात्र जरिया है। मानवी ने अपनी शिकायत में बताया कि लोग इस रास्ते से होकर सामुदायिक शौचालय, आयुष्मान केंद्र, अंबेडकर पार्क इन- इन सुविधाओं तक जाते हैं।

निवासियों और स्कूली बच्चों की बढ़ी मुसीबतें

सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन लोग और स्कूली बच्चे दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम दिनों में भी यहां से जाना किसी चुनौती से कम नहीं है। बारिश के मौसम में स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि लोगों का आना- जाना भी बहुत मुश्किल हो जाता है। बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और अभिभावकों को हमेशा दुर्घटना का डर सताता रहता है।

प्रशासन की ओर से कार्रवाई की उम्मीद

नन्ही मानवी की यह मासूम गुहार अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग मानवी की हिम्मत की सराहना कर रहे हैं और जिला प्रशासन से इस जर्जर सड़क के ठीक करने की मांग कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या डीएम अंकल इस बच्ची की भावुक अपील पर संज्ञान लेकर क्षेत्र के निवासियों को इस गंभीर समस्या से मुक्ति दिलाएंगे।

Published on:
05 May 2026 03:14 pm
Also Read
View All