TikTok को 2016 में चीनी कंपनी ByteDance ने लॉन्च किया था और यह दुनिया भर में बेहद पॉपुलर हो गया। भारत TikTok का दूसरा सबसे बड़ा बाजार था, जहां इस ऐप के करोड़ों एक्टिव यूजर्स थे।
36 Banned Chinese Apps Return To India: 2020 में भारत सरकार ने सुरक्षा चिंताओं के चलते कई चीनी ऐप्स को बैन कर दिया था। यह फैसला गलवान घाटी संघर्ष के बाद लिया गया था, जिसमें कई भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। हालांकि, अब भारत और चीन के बीच कूटनीतिक संबंध बेहतर होते दिख रहे हैं। इसी बीच, कुछ पहले से बैन किए गए चीनी ऐप्स नए नाम और पहचान के साथ भारत में वापसी कर चुके हैं। हालांकि, TikTok अब भी भारत में बैन है और इसकी वापसी को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, 200 से ज्यादा प्रतिबंधित ऐप्स में से 36 ऐप्स अब फिर से Google Play Store और Apple App Store पर उपलब्ध हैं। इनमें से कुछ ऐप्स अपने पुराने नाम के साथ वापस आए हैं, जबकि कुछ ने अपने लोगो और नाम बदल लिए हैं।
ये ऐप्स अलग-अलग कैटेगेरी में आते हैं, जैसे गेमिंग, कंटेंट क्रिएशन, मनोरंजन, फाइल शेयरिंग और शॉपिंग। इनमें से ज्यादातर ऐप्स नवंबर 2020 के बाद फिर से उपलब्ध हुए हैं।
कुछ पॉपुलर ऐप्स जो फिर से भारत में आ चुके हैं, जिनके नाम नीचे दिए जा रहे हैं।
Xender (फाइल शेयरिंग)
Youku (स्ट्रीमिंग)
Taobao (शॉपिंग)
Tantan (डेटिंग)
MangoTV (मनोरंजन)
Xender, जिसे जून 2020 में बैन किया गया था, अब "Xender: File Share, Share Music" के नाम से Apple App Store पर उपलब्ध है। हालांकि, यह अभी भी Google Play Store पर नहीं दिख रहा है। Youku भी हल्के बदले हुए नाम के साथ वापस आया है, लेकिन ऐप का मूल रूप वही है।
Taobao अब "Mobile Taobao" के नाम से उपलब्ध है, जबकि Tantan का नाम बदलकर "TanTan - Asian Dating App" कर दिया गया है।
हालांकि, इन 36 ऐप्स में से सिर्फ 13 ऐप्स ही चीनी कंपनियों के हैं। बाकी ऐप्स भारत, सिंगापुर, वियतनाम, दक्षिण कोरिया, सेशेल्स, जापान और बांग्लादेश की कंपनियों से जुड़े हुए हैं।
कुछ ऐप्स ने अपना मालिकाना हक बदला या भारतीय कानूनों का पालन कर वापसी की। उदाहरण के लिए, Shein (फैशन ऐप) Reliance के साथ लाइसेंसिंग डील के जरिए भारत में वापस आया है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने दिसंबर 2024 में पुष्टि की थी कि Shein का डेटा अब भारत में स्टोर होगा और इसका कोई एक्सेस चीनी मूल कंपनी को नहीं मिलेगा।
PUBG Mobile, जिसे 2020 में बैन किया गया था, 2021 में "Battlegrounds Mobile India (BGMI)" के रूप में लौटा। इसे 2022 में फिर से बैन किया गया था, लेकिन 2023 में सुरक्षा नियमों को पूरा करने के बाद दोबारा अनुमति मिल गई।
हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी TikTok पर बैन की मंजूरी दी है, क्योंकि यह ऐप चीनी सरकार से जुड़े होने के आरोपों का सामना कर रहा है।
TikTok को 2016 में चीनी कंपनी ByteDance ने लॉन्च किया था और यह दुनिया भर में बेहद पॉपुलर हो गया। भारत TikTok का दूसरा सबसे बड़ा बाजार था, जहां इस ऐप के करोड़ों एक्टिव यूजर्स थे। लेकिन 2020 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए इसे बैन कर दिया था।
PUBG की तरह, कुछ चीनी ऐप्स ने भारत सरकार से समझौता कर वापसी की है, लेकिन TikTok अभी तक कोई हल नहीं निकाल पाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, TikTok के अधिकारियों ने कई बार भारतीय सरकार से बातचीत की, लेकिन ये चर्चाएं किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाईं। अब तक, TikTok की भारत में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
हालांकि सरकार ने इन ऐप्स को बैन किया था, फिर भी इनके क्लोन ऐप्स बार-बार आते रहते हैं, जिससे इन्हें पूरी तरह से ब्लॉक करना मुश्किल हो जाता है। इनकी वापसी ऐसे समय हो रही है जब भारत और चीन के बीच सीमा विवाद के बाद संबंध सुधारने की कोशिशें चल रही हैं।